खेलताज़ा खबरदेश

महिला टी20 विश्व कप: एजबेस्टन में भारत की दमदार शुरुआत, पाकिस्तान को 64 रन से हराकर दर्ज की बड़ी जीत

स्मृति मंधाना की 68 रन की पारी और दीप्ति शर्मा के 5 विकेट से भारत ने विजयी आगाज किया

सत्याग्रह लाइव। भारत ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में स्मृति मंधाना ने 68 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 10 रन देकर 5 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

मंधाना, हरमनप्रीत और ऋचा ने संभाली पारी

एजबेस्टन में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शेफाली वर्मा तथा जेमिमा रोड्रिग्स 18 रन के भीतर आउट हो गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। मंधाना ने 44 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। हरमनप्रीत कौर ने 36 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर 34 रन की तेज पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने 2-2 विकेट लिए, जबकि तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम को 1-1 सफलता मिली।

दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी से बिखरा पाकिस्तान

171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने तेज शुरुआत की। मुनीबा अली और गुल फिरोजा ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े तथा पावरप्ले में टीम ने 52 रन बनाए। मुनीबा अली ने 35 गेंदों पर 41 रन बनाए, लेकिन उनके रनआउट होते ही पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई। दीप्ति शर्मा ने गुल फिरोजा और आयशा जफर को आउट कर भारत की वापसी कराई तथा एक ओवर में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान को संकट में डाल दिया। फातिमा सना खाता नहीं खोल सकीं, जबकि आलिया रियाज 18 रन बनाकर आउट हुईं। पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर ऑलआउट हो गई।

जीत के साथ भारत का शानदार आगाज

भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट लिए। श्री चरणी को 3 और शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला। इस जीत के साथ भारत ग्रुप-ए की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। भारत और ऑस्ट्रेलिया के 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (+3.250) के कारण ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है, जबकि भारत का नेट रन रेट +3.200 है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!