अपराधधारप्रशासन

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार।

सरदारपुर के उजाड़िया और बदनावर के बखतगढ़ में दबिश, 1.23 लाख रुपए की शराब जब्त; दोनों आरोपियों को जेल भेजा।

आशीष यादव धार।

जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 10 सितंबर को सरदारपुर और बदनावर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। आबकारी टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 123.78 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 58 हजार 550 रुपए बताया गया है। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


पहली कार्रवाई सरदारपुर क्षेत्र के ग्राम उजाड़िया में की गई। आबकारी उप निरीक्षक अश्विनी रोजड़े एवं स्टाफ ने मुकेश पिता मोहन जमरा के रिहायशी मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 69.78 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 33 हजार 50 रुपए है। मामले में आरोपी मुकेश जमरा के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर 11 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


दूसरी कार्रवाई बदनावर-अ वृत्त के ग्राम बखतगढ़ में की गई। आबकारी उप निरीक्षक वर्षा राजपूत एवं टीम ने गोपाल पिता राजेंद्र धबई के रिहायशी मकान की तलाशी ली। यहां से 6 पेटी देशी मदिरा प्लेन/मसाला, कुल 54 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 25 हजार 500 रुपए है। आरोपी गोपाल धबई के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। 11 सितंबर को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई कलेक्टर राजीव रंजन मीना के आदेश पर, उपायुक्त आबकारी संभाग इंदौर इंदर सिंह जामोद एवं सहायक आबकारी आयुक्त जिला धार दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में की गई। जिला कंट्रोलर प्रशांत मंडलोई तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारियों एनआर अलावा और डॉ. निलेश कुमार नेमा के नेतृत्व में टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


सरदारपुर की कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक अश्विनी रोजड़े के साथ मुख्य आरक्षक शोभाराम बघेल, आरक्षक सुरेंद्र सिंह मोहरे एवं अंकित सिंह चौहान शामिल रहे। वहीं बदनावर-अ वृत्त की कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक वर्षा राजपूत के साथ मुख्य आरक्षक परमानंद चौधरी, आरक्षक नीलम मकवाना एवं राहुल बबेरिया शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!