सेंधवा में भारत आदिवासी पार्टी की बैठक, जिला कार्यकारिणी विस्तार के साथ पंचायत और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा
प्रताप नरगावे ने BAP छोड़कर भारत आदिवासी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की, जाजम व्यवस्था से जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी

जनोदय पंच। सेंधवा में भारत आदिवासी पार्टी जिला बड़वानी की सार्वजनिक बैठक में जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के विस्तार पर चर्चा हुई। बैठक में पंचायत चुनाव, विधानसभा चुनाव, संगठन विस्तार, आदिवासी अधिकार, पेसा कानून, पांचवीं अनुसूची और जल-जंगल-जमीन से जुड़े मुद्दों पर रणनीति बनाई गई।
पंचायत और विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति
आदिवासी सामुदायिक भवन सेंधवा में भारत आदिवासी पार्टी जिला बड़वानी की जिला कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर सार्वजनिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉक एवं तहसील क्षेत्रों से आए युवा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मध्यप्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत से लेकर जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत स्तर तक भारत आदिवासी पार्टी का स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व खड़ा करना तथा पार्टी के जनाधार, जनमत एवं जनविश्वास को मजबूत करना रहा। साथ ही वर्ष 2028 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में जिले की सभी चार विधानसभा सीटों पर पार्टी का मजबूत नेतृत्व खड़ा करने और आदिवासी समाज के वास्तविक मुद्दों को विधानसभा तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
पेसा कानून और आदिवासी अधिकारों पर चर्चा
बैठक में पेसा कानून, पांचवीं अनुसूची, आदिवासी अधिकार, जल-जंगल-जमीन, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों को धरातल पर लागू कराने सहित संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई।
इस अवसर पर BAAP (भारतीय आदिवासी आजाद पार्टी) के जिला अध्यक्ष प्रताप नरगावे ने अपनी पूर्व पार्टी छोड़कर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) में शामिल होने की घोषणा की। जाजम व्यवस्था के माध्यम से उन्हें भारत आदिवासी पार्टी जिला बड़वानी के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिला और ब्लॉक स्तर पर पदाधिकारियों की घोषणा
संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। मंगेश रावत को जिला महामंत्री, बड़वानी, जीतू भादले को जिला सह-प्रवक्ता, बड़वानी, विजय सेनानी को सेंधवा ब्लॉक अध्यक्ष, मोहन सेनानी को सेंधवा ब्लॉक उपाध्यक्ष और प्रकाश बामनिया को सेंधवा ब्लॉक प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई।
अंबाराम पवार को निवाली ब्लॉक अध्यक्ष तथा सुरेश डावर को निवाली ब्लॉक मीडिया प्रभारी बनाया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का कर्तव्यनिष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा भारत आदिवासी पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में भारत आदिवासी पार्टी खरगोन जिलाध्यक्ष कोलू खोडे, जिला प्रवक्ता सुनील किराड़े, भगवानपुरा ब्लॉक अध्यक्ष रेवलसिंह नरगावे, बड़वानी जिलाध्यक्ष जयसिंग डुडवे, जिला प्रवक्ता मगन जमरे, मेमाराम बर्डे, विजय सेनानी, मोहन सेनानी, स्वागत कनाश्या, जीतू भादले, कांति बामनिया, मंगेश रावत, प्रदीप सोलंकी, अभय ब्राह्मणे, हेमंत पटेल, प्रकाश बामनिया, जगदीश खरते सहित बड़ी संख्या में युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारत आदिवासी पार्टी का संकल्प है कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करते हुए आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, सम्मान और स्वशासन की आवाज को लोकतांत्रिक मंचों पर मजबूती से उठाया जाएगा।



