अपराधताज़ा खबर

मुंबई में फिल्म डायरेक्टर शकील नूरानी गिरफ्तार, 33 वर्षीय एक्ट्रेस ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए

एक्ट्रेस की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, 40 दिन तक तलाश के बाद सातारा से पकड़ा

सत्याग्रह लाइव। फिल्म ‘जोरू का गुलाम’ के डायरेक्टर शकील नूरानी को यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया है। 33 वर्षीय एक्ट्रेस ने 2016 की घटना को लेकर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग समेत आरोप लगाए हैं। नूरानी को 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी मिली है।

मुंबई पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, एक्ट्रेस की शकील नूरानी से पहली मुलाकात 2016 में लोखंडवाला में आयोजित एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान हुई थी। शिकायत के मुताबिक, नूरानी ने आने वाले एक प्रोजेक्ट के बारे में बात की और काम के लिए संपर्क करने को कहा।

इसके बाद एक्ट्रेस स्क्रिप्ट पढ़ने के लिए शकील नूरानी के मालवानी स्थित घर गई थीं। शिकायत के अनुसार, वहां नूरानी ने उन्हें सॉफ्ट ड्रिंक दी, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गईं। बाद में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

वीडियो दिखाकर धमकाने का आरोप

एक्ट्रेस ने एफआईआर में आरोप लगाया कि होश में आने के बाद शकील नूरानी ने उन्हें मोबाइल पर उनका एक वीडियो दिखाया। शिकायत के अनुसार, नूरानी ने पुलिस से संपर्क करने या परिवार को जानकारी देने पर वीडियो सर्कुलेट करने की धमकी दी।

एक्ट्रेस का आरोप है कि इसी कथित वीडियो के जरिए उन्हें धमकाया गया और कई बार यौन उत्पीड़न किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यौन संबंधों के बाद नूरानी उन्हें बार-बार गर्भनिरोधक गोलियां देते थे।

40 दिन तक तलाश, सातारा के फार्महाउस से गिरफ्तारी

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में नूरानी के सातारा जिले के मेधा इलाके स्थित एक फार्महाउस में रहने की जानकारी सामने आई। मालवानी पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, एफआईआर के बाद नूरानी 40 दिन तक छिपे रहे।

पुलिस टीम ने अंधेरी के लोखंडवाला स्थित उनके बेटे के घर की तलाशी भी ली, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। अधिकारी के मुताबिक, तकनीकी मदद से उन्हें मेधा स्थित फार्महाउस में खोजा गया, जहां मेधा पुलिस स्टेशन की मदद से हिरासत में लिया गया।

12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी

पुलिस ने शकील नूरानी को शनिवार को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। डीसीपी (जोन 2) संदीप घुगे ने कहा कि पुलिस मामले में जानकारी जुटा रही है।

वहीं, नूरानी के वकील विकास सिंह ने मीडिया से कहा कि उनके क्लाइंट को झूठा फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि मामला अदालत में है, इसलिए वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!