अभ्यास मंडल की 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला के निमंत्रण पत्र एवं पोस्टर का विमोचन

प्रख्यात वक्ताओं के संग सजेगा वैचारिक मंच
,*अभ्यास मंडल की 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला के निमंत्रण पत्र एवं पोस्टर का विमोचन*
इंदौर। शहर की प्रतिष्ठित वैचारिक संस्था अभ्यास मंडल की 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला के निमंत्रण पत्र एवं पोस्टर का विमोचन इंदौर प्रेस क्लब, हॉल में गरिमामय समारोह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति माननीय श्री शांतनु केमकर ने निमंत्रण पत्र एवं पोस्टर का विधिवत विमोचन किया।
इस अवसर पर श्री केमकर ने अभ्यास मंडल के दशकों लंबे वैचारिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज में स्वस्थ संवाद, वैचारिक आदान-प्रदान और सार्थक विमर्श की परंपरा को जीवित रखने में ऐसी व्याख्यानमाला ओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभ्यास मंडल के नर्मदा का जल इंदौर तक लाने के कार्य को भी याद किया इंदौर यातायात समस्या पर चिंता व्यक्त की इसमें नागरिक की जागरूकता जरूरी है अभी के जल संकट को देखते हुवे पानी बचाव के लिए प्रयास करना होंगे इंदौर के नागरिक जागरूकता के साथ इसमें भी वैसा ही सहयोग करेंगे जैसा उन्होंने सफाई में नंबर 1 लाने में किया है। अभ्यास मंडल के अध्यक्ष श्री रामेश्वर गुप्ता ने व्याख्यानमाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शहर के प्रबुद्धजनों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन वैशाली खरे ने किया।
अभ्यास मंडल की 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला 5 से 10 दिसंबर 2026 तक इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित होगी। छह दिवसीय इस आयोजन में न्यायपालिका, भारतीय संस्कृति, चिकित्सा, महिला आरक्षण, औपनिवेशिक मानसिकता और सामाजिक जीवन में युवाओं की भूमिका जैसे समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर देश के प्रतिष्ठित वक्ता अपने विचार रखेंगे।
व्याख्यानमाला का शुभारंभ 5 दिसंबर को सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री जे.के. माहेश्वरी के व्याख्यान ‘न्यायपालिका और जनविश्वास’ से होगा। 6 दिसंबर को डॉ. जवाहर कर्नावट ‘भारतीय संस्कृति और भाषाओं का वैश्विक स्वरूप’, 7 दिसंबर को पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना ‘जीवन जीने की शैली’, 8 दिसंबर को डॉ. रागिनी नायक ‘महिला आरक्षण की राह और चुनौतियां’ तथा 9 दिसंबर को श्री हेमंत मुक्तिबोध ‘भारत पर औपनिवेशिक मानसिकता के प्रभाव, परिणाम और उनसे मुक्ति के भारतीय प्रयास’ विषय पर व्याख्यान देंगे।
10 दिसंबर को समापन सत्र में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह तोमर ‘सक्रिय सामाजिक जीवन में युवाओं की भागीदारी’ विषय पर संबोधित करेंगे।
उद्घाटन सत्र 5 दिसंबर को शाम 5:30 से 6:30 बजे तक आयोजित होगा, जबकि शेष दिनों में व्याख्यान प्रतिदिन शाम 6 बजे से प्रारंभ होंगे। अभ्यास मंडल की यह परंपरागत व्याख्यानमाला शहर में वैचारिक जागरूकता, बौद्धिक संवाद और समसामयिक विषयों पर स्वस्थ जनचर्चा को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है।



