बड़वाह। श्री गोपाल मंदिर में 108 नरहरीदास जी महाराज की 10वीं पुण्यतिथि पर संत-महंतों की उपस्थिति में हुआ गुरु पादुका पूजन…

कपिल वर्मा बड़वाह। नगर के नागेश्वर स्थित श्री गोपाल मंदिर में शनिवार को परम पूजनीय श्री श्री 108 नरहरीदास जी महाराज की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सांकेत वास महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया।
इस अवसर पर संत दर्शन, गुरु पादुका अभिषेक, पूजन, महाआरती एवं विशाल भंडारा महाप्रसादी का आयोजन हुआ। धार्मिक अनुष्ठान में संत-महंतों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
महोत्सव के अंतर्गत मंदिर के महंत श्री हनुमानदास जी महाराज के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। वेदपाठी ब्राह्मण पंडित अखिलेश गौतम,दादू पंडित, पंडित जितेंद्र अत्रे, पंडित हरिनारायण शर्मा, पंडित संजय शर्मा एवं पंडित गिरजाशंकर अत्रे, पंडित विवेक दुबे, पंडित संतोष शर्मा सहित अन्य विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु महाराज की पादुका का महंत हनुमानदास जी महाराज ने अभिषेक कर विधि-विधान से पूजन किया।
इसके पश्चात गुरु महाराज की प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त किया। धार्मिक आयोजन के दौरान सुंदरधाम आश्रम के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 बाबा बालकदास जी महाराज, श्री गोपाल मंदिर के महंत हनुमानदास जी महाराज व महोदरी आश्रम के महंत विजयदास जी महाराज तथा उपस्थित संत-महंतों सहित नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने महाराज की महाआरती की।
इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज का स्मरण कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
महोत्सव के अंतर्गत दोपहर मे विशाल भंडारा महाप्रसादी का आयोजन प्रारंभ हुआ। जो दोपहर 3 बजे तक रहा जिसमें बड़ी संख्या में संत-महंतों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति अनिल राय,योगेश तिवारी, कपिल तिवारी, दीपक सिंह ठाकुर, दिलीप कांसल, बालकिशन जाट, नरहरी दांगी, गणेश पटेल शांतिलाल खंडेलवाल, विकास पटेल सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।




