बड़वाह। श्री कंवर कॉलोनी मे नवरात्रि उत्सव की धूम…ओपन गरबा में झूमे शहरवासी…देर रात तक चला आयोजन…

कपिल वर्मा बड़वाह। बड़वाह नगर के मोहल्लों कालोनियों मे आदिशक्ति माता के चल रहे शारदीय नवरात्रि महोत्सव की धूम देखने को मिल रही है।
इसी के अंतर्गत बुधवार रात को श्री कंवर कॉलोनी उत्सव समिति द्वारा दो दिवसीय ओपन गरबे के आयोजन किया गया। जिसके पहले दिन शहरवासी देर रात करीब 12 बजे तक गरबा की धुनों पर झूमते नजर आए। आकर्षक लाइटिंग और संगीत के बीच गरबा आयोजन में युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में गायिका सुनयना ठाकुर और गायक शुभम तारे ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने उत्साह पूर्वक अलग अलग गीतों पर गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
पूरे आयोजन के दौरान खरगोन और खंडवा क्षेत्र के 20 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी गरबा आयोजन में सहभागिता निभाई।
ओपन गरबा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। इसमें 50 से अधिक प्रतिभागियों को बेस्ट कपल, बेस्ट गरबा गर्ल सहित विभिन्न श्रेणियों में अवार्ड प्रदान किए गए। कैटेलाइजर, सनावद के डायरेक्टर सुमीत सोनी ने प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
श्री कंवर कॉलोनी उत्सव समिति के अध्यक्ष सुनील जायसवाल तथा संयोजक राजेंद्र राठौड़, अनिल कानूनगो, वरुण जैन, डॉ. परेश विजयवर्गीय और अमरसिंह बिरला ने बताया कि नवरात्रि के अवसर पर समिति द्वारा प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गरबा प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए गुरुवार को भी ओपन गरबा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रतिभागी गरबा और डांडिया के माध्यम से उत्सव का आनंद लेंगे।




