बड़वाह। ज्योतिर्मय मूकबधिर निःशुल्क विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा…

कपिल वर्मा बड़वाह। दशहरा मैदान स्थित ज्योतिर्मय मूकबधिर निःशुल्क विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने श्रावण मास के पावन अवसर पर सोमवार को नागेश्वर मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ यात्रा में सहभागिता की।
इस कांवड़ यात्रा की विशेषता यह रही कि मूकबधिर विद्यार्थियों ने भगवान शिव के जयकारे सांकेतिक भाषा में लगाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। हाथों के संकेतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने “हर-हर महादेव” एवं “बोल बम” का जयघोष किया। विद्यार्थियों की इस अनूठी अभिव्यक्ति ने यात्रा को विशेष एवं भावपूर्ण बना दिया तथा मार्ग में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया।
विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों के साथ रहकर उनका उत्साहवर्धन किया और यात्रा को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में सहयोग किया। विद्यार्थी अनुशासन के साथ कांवड़ लेकर नागेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों को हमारी समृद्ध परंपराओं एवं संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही, उनमें आत्मविश्वास, आत्मसम्मान, सामाजिक सहभागिता एवं अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की क्षमता मजबूत होती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति को अभिव्यक्त कर यह संदेश दिया कि दिव्यांगता किसी भी भावना, प्रतिभा या आस्था की अभिव्यक्ति में बाधा नहीं बन सकती।



