
चूरू जिले के साहवा थाना क्षेत्र के धीरवास गांव में घरेलू विवाद के दौरान विवाहिता की कथित रूप से ब्लेड से जीभ काटने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति, जेठ और देवर पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच में जुटी है।
घरेलू विवाद के दौरान हमला करने का आरोप
चूरू जिले के साहवा थाना क्षेत्र के धीरवास गांव में एक विवाहिता की जीभ ब्लेड से काटने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति असमालनाथ, जेठ सदानाथ और देवर मोडनाथ पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना करीब 20 दिन पुरानी बताई जा रही है और मामला अब पुलिस तक पहुंचा है। गंभीर हालत में महिला को तारानगर के राजकीय अस्पताल से चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका उपचार किया गया। फिलहाल महिला बयान देने की स्थिति में नहीं है।
परिजनों ने बताया, तीन बच्चों की मां है पीड़िता
अस्पताल में मौजूद पीड़िता की भांजी सुनीता ने बताया कि जोधपुर जिले के नीमड़ी निवासी 42 वर्षीय सीता की शादी करीब 20 वर्ष पहले धीरवास निवासी असमालनाथ के साथ हुई थी। सुनीता के अनुसार, करीब 20 दिन पहले घरेलू विवाद के दौरान असमालनाथ, सदानाथ और मोडनाथ ने कथित रूप से ब्लेड से उसकी जीभ काट दी। घटना के बाद सीता अपने पीहर चली गई थी। शनिवार को वह वापस ससुराल पहुंची, जिसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा। उनका कहना है कि इस घटना का तीनों बच्चों के भविष्य पर भी गहरा असर पड़ा है।
जीरो नंबर एफआईआर के आधार पर जांच जारी
साहवा थानाधिकारी जगदीश गोदारा ने बताया कि घटना लगभग 20 दिन पहले की होना सामने आया है। इस संबंध में जोधपुर के मंडोर थाने में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे जांच के लिए साहवा थाना भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल महिला बयान देने की स्थिति में नहीं है। चिकित्सकीय परीक्षण और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जीभ काटने के आरोपों की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जगदीश गोदारा ने बताया कि पीड़िता घुमंतू नाथ समाज से संबंधित है। घटना के बाद वह सीधे अपने पीहर चली गई थी। ऐसे मामलों में तत्काल पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए थी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



