खुशियों की सौगात, 1.25 करोड़ लाडली बहनों के खातों में आएंगे 1500 रुपए
14 जून को लाडली बहना योजना की 37वीं किस्त जारी होगी, साथ ही सागर और भोपाल में विकास एवं उद्यमिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मध्य प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाडली बहनों के लिए 14 जून का दिन विशेष रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर जिले के केसली विकास खंड से योजना की 37वीं किस्त जारी करेंगे। इसके साथ विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास तथा उद्यमियों को विभिन्न हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।
लाडली बहना योजना की 37वीं किस्त होगी जारी
भोपाल। मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं के खातों में रविवार 14 जून को 1500 रुपए की राशि पहुंचने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर जिले के केसली विकास खंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योजना की 37वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत 1 करोड़ 25 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशभर की महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।
53 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवड़ी विधानसभा क्षेत्र को लगभग 190.85 करोड़ रुपए की लागत वाली 53 विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। इनमें 122.02 करोड़ रुपए की लागत वाली 28 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 68.83 करोड़ रुपए की लागत वाली 25 परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभागों से जुड़े निर्माण कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से देवड़ी और केसली विकास खंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
भोपाल में उद्यमियों को मिलेंगे हितलाभ
14 जून को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में भी वृहद कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न जिलों के एमएसएमई उद्यमियों, स्टार्टअप्स और अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रोत्साहन राशि वितरित करेंगे। कार्यक्रम में उद्यमियों को भू-आवंटन पत्र, स्टार्टअप नीति के तहत स्वीकृत लाभ तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत हितलाभ प्रदान किए जाएंगे। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री उद्यमियों एवं स्टार्टअप प्रतिनिधियों से संवाद कर उनके अनुभव, सुझाव और अपेक्षाओं को भी सुनेंगे।



