वृन्दावन धाम कॉलोनी में राधाष्टमी पर बही भक्ति की रसधार

सेंधवा; बुद्धि और समृद्धि के दाता भगवान गणेश की आराधना के पर्व गणेशोत्सव की भक्तिमय धूम के बीच राधाष्टमी पर्व श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया। राधारानी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर कॉलोनी का वातावरण भक्ति और आस्था के रंग में ऐसा रंगा कि मानो ब्रज की भक्ति-धारा स्वयं यहां उतर आई हो।

इस अवसर पर सखी-सहेली भजन मंडली द्वारा विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन मंडली की महिलाओं ने राधारानी को समर्पित एक से बढ़कर एक मधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियाँ देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजनों की स्वर लहरियों और राधारानी के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। इस दौरान माखन मिश्री और केक का भोग लगाकर प्रसादी वितरित की गई।इस अवसर पर राधा-कृष्ण और उनके बाल सखा की वेशभूषा में छोटे -छोटे बच्चे बहुत आकर्षक लग रहे थे।
भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु भी भाव-विभोर होकर राधारानी की आराधना में लीन दिखाई दिए। गणेशोत्सव के उल्लास के साथ राधाष्टमी की भक्ति ने वातावरण को उत्सव, आस्था और आनंद से सराबोर कर सभी के मन में भक्ति, सौहार्द और आध्यात्मिक आनंद का संचार किया। देर तक चले भजन-कीर्तन के पश्चात श्रद्धालुओं ने राधारानी के जयकारे लगाकर पर्व की शुभकामनाऍं दी।



