अपराधताज़ा खबरबड़वानी

बड़वानी में गांजे की अवैध खेती पर पुलिस का बड़ा छापा, 16.70 लाख के 130 पौधे जब्त, आरोपी खेत मालिक फरार

सायसिंह फलिया के खेत में उगाए जा रहे थे गांजे के पौधे, पानसेमल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मामला

बड़वानी जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पानसेमल थाना क्षेत्र के एक खेत से गांजे के 130 हरे पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 1 क्विंटल 67 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 16 लाख 70 हजार रुपये बताया गया है।

मुखबिर की सूचना पर खेत में दी दबिश

पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण जोन, इंदौर) अनुराग एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक (निमाड़ रेंज, खरगोन) सुश्री सिमाला प्रसाद के दिशा-निर्देशों तथा प्रभारी पुलिस अधीक्षक (बड़वानी) विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती के विरुद्ध विशेष ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक चलाया जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (राजपुर) बी. एल. अटोदे के मार्गदर्शन में पानसेमल पुलिस ने यह कार्रवाई की। 2 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रेवाराम चौहान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम राजपुरा के सायसिंह फलिया स्थित एक खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

130 पौधे और 1 क्विंटल 67 किलो गांजा जब्त

पुलिस ने खेत से गांजे के कुल 130 हरे पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 1 क्विंटल 67 किलोग्राम पाया गया। जब्त गांजे के पौधों का अनुमानित बाजार मूल्य 16 लाख 70 हजार रुपये बताया गया है।

खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास

पुलिस जांच में अवैध खेती खेत मालिक सुनील पिता नाहरसिंह वास्कले निवासी ग्राम राजपुरा द्वारा किया जाना पाया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा सघन दबिश दी जा रही है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम) की संगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रेवाराम चौहान के साथ सहायक उप-निरीक्षक सखावत अली, प्रधान आरक्षक बंशीलाल रावत, प्रधान आरक्षक भीमसिंह चौहान, आरक्षक नवीन मेहता, आरक्षक रणवीर मुवेल, आरक्षक अभिषेक रावत और आरक्षक संजय डावर की सराहनीय भूमिका रही।

जिला पुलिस बड़वानी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय, परिवहन और अवैध खेती के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर और सख्ती से जारी रहेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!