
अप्रतिम 2026 का भव्य शुभारंभः
145 से अधिक विद्यालयों के 4,000 से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
इंदौर। आईआईएसटी ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट्स इंदौर द्वारा आयोजित मध्य भारत की सबसे सबसे बड़ी अंतर्विद्यालयीन प्रतियोगिताओं में से एक “अप्रतिम प्रज्ञा 2026 ” एवं “अप्रतिम इंटर स्कूल स्पोर्टस लीग 2026” का भव्य शुभारम्भ आईआईएसटी इंदौर परिसर में हुआ। 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में इंदौर और आसपास के क्षेत्रों के 150 से अधिक प्रतिष्ठित विद्यालयों के 4,000 से अधिक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अनुशासन, उत्साह और एकजुटता का परिचय देते हुए भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आईआईएसटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के ग्रुप एडवाइजर श्री अरुण एस. भटनागर ने अप्रतिम 2026 की मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के बैंड ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। बैंड की मधुर धुनों के बीच विद्यार्थियों के अनुशासित मार्च पास्ट ने समारोह को गरिमामय और उत्साहपूर्ण बना दिया।
खेल, ज्ञान, रचनात्मकता और नवाचार का संगम आईआईएसटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा पिछले सात वर्षों से आयोजित की जा रही अप्रतिम प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों से आगे बढ़कर अपनी बहुआयामी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। इस वर्ष प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और पिकलबॉल को शामिल किया गया है। वहीं, बौद्धिक एवं रचनात्मक प्रतिस्पर्धाओं में वाद-विवाद, विज्ञान परियोजना मॉडल, ‘आइडिया टू स्टार्ट-अपः पिचाथॉन’ तथा देशभक्ति गीतों पर आधारित समूहगान प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं। इनप्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा के साथ-साथ तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रभावी अभिव्यक्ति, सृजनात्मकता और उद्यमशीलता का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं एवं उपविजेताओं के लिए कुल दो लाख रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। पुरस्कार राशि के साथ-साथ यह मंच विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं सहभागिता के माध्यम से सीखने का अवसर भी प्रदान करेगा। इस अवसर पर आईआईएसटी ग्रुप के ग्रुप एडवाइजर श्री अरुण एस. भटनागर ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, उमंग और प्रतिस्पर्धात्मक भावना की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और परस्पर सम्मान के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना भी है। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समुचित विकास तभी संभव है, जब शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, रचनात्मकता, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को भी समान महत्त्व दिया जाए।
भटनागर ने कहा कि खेल विद्यार्थीयों में अनुशासन, टीम भावना, सहयोग, धैर्य और कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष करते रहने की क्षमता विकसित करते हैं। वहीं, वाद-विवाद, समूहगान, विज्ञान मॉडल एवं पिचाथॉन जैसी गतिविधियाँ उनकी तार्किक सोच, अभिव्यक्ति कौशल, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में जीत और हार स्वाभाविक हैं, लेकिन वास्तविक उपलब्धि निरंतर सीखने, अपनी कमियों को पहचानने, क्षमताओं को निखारने और एक बेहतर इंसान बनने में निहित है। अप्रतिम जैसे आयोजन विद्यार्थियों को आत्मविश्वास से आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शुभारंभ समारोह में आईआईएसटी के प्राचार्य डॉ. केशव पाटीदार, आईआईपी की प्राचार्या डॉ. निमिता मनोचा तथा आईआईएमआर के प्राचार्य डॉ. विवेक उपरित सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी एवं आयोजन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
अप्रतिम 2026 के माध्यम से आईआईएसटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ खेल कौशल, नवाचार, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया है। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सहयोग, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी जैसे जीवनोपयोगी गुण विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा। इस प्रकार “अप्रतिम 2026” केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त मंच है।




