इंदौर में बाल संरक्षण आश्रम में रक्षाबंधन की खुशियां, बच्चों ने कलेक्टर और विधायक को बांधी राखी
शिवम वर्मा और राकेश गोलू शुक्ला ने बच्चों के साथ मनाया पर्व, उपहार देकर जाना हाल-चाल

इंदौर के नसिया रोड छावनी स्थित शासकीय बाल संरक्षण आश्रम में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर शिवम वर्मा और क्षेत्रीय विधायक राकेश गोलू शुक्ला आश्रम पहुंचे। दोनों ने बच्चों के साथ बैठकर रक्षाबंधन मनाया और बच्चों से अपनी कलाई पर राखियां बंधवाईं। इसके साथ ही बच्चों को उपहार भी भेंट किए गए।
बच्चों से की बातचीत
आयोजन के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा और विधायक राकेश गोलू शुक्ला ने आश्रम में रह रहे बच्चों से बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना। बच्चों के साथ समय बिताने और त्योहार मनाने से आश्रम में उत्साह का माहौल रहा। उपहार मिलने पर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी।
25 वर्षों से आश्रम से जुड़ाव
मीडिया से चर्चा करते हुए क्षेत्रीय विधायक राकेश गोलू शुक्ला ने बताया कि वे और उनकी पूरी टीम विगत 25 वर्षों से निरंतर इस आश्रम में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण आश्रम में आकर बच्चों के साथ समय बिताना और उनके साथ त्योहार मनाना उन्हें असीम प्रसन्नता और आत्मिक शांति देता है।
बच्चों की सुविधाओं की व्यवस्था
राकेश गोलू शुक्ला ने बताया कि आश्रम में बच्चों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बच्चों के लिए एक बहुत बढ़िया किचन बनवाया गया है, जिससे भोजन की उचित व्यवस्था हो सके। परिसर में बच्चों के खेलने-कूदने के लिए एक सुंदर बगीचा भी विकसित किया गया है। बच्चों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाता है।
पुराने बच्चे आज भी आते हैं
विधायक राकेश गोलू शुक्ला ने बताया कि दीपावली और रक्षाबंधन सहित सभी प्रमुख त्योहार बच्चों के बीच मनाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जो बच्चे 2-3 साल की उम्र में यहां आए थे, वे आज 24-25 साल के हो चुके हैं और आश्रम से जा चुके हैं। इसके बावजूद वे रक्षाबंधन के दिन आश्रम आते हैं।




