वाल्मिकी समाज ने मुगलों से संघर्ष किया, लेकिन धर्म परिवर्तन मंजूर नहीं किया – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
वाल्मिकी समाज ने मुगलों से संघर्ष किया, लेकिन धर्म परिवर्तन मंजूर नहीं किया - मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वीर गोगा देव जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर की छड़ी पूजन
विधानसभा 1 के अंतिम चौराहा स्थित राठौर धर्मशाला में हुआ कार्यक्रम
उमेश नाथ जी महाराज और आकाश विजयवर्गीय रहे मुख्य रूप से मौजूद
मैं वाल्मिकी समाज का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे छड़ी पूजन का अवसर प्रदान किया – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
वाल्मिकी समाज ने मुगलों से संघर्ष किया, लेकिन धर्म परिवर्तन मंजूर नहीं किया – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर – को हर साल की तरह इस साल भी नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जाहरवीर गोगा देव जी के छड़ी निशान पूजन का आयोजन किया। इस अवसर पर वाल्मिकी समाज की विभिन्न कॉलोनियों से लाए गए 70 से ज्यादा छ़ड़ी निशानों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पधारे वाल्मिकी समाजजनों को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वाल्मिकी समाज की प्रशंसा की ओर कहा कि देश के विकास में समाज का योगदान काफी अहम है। उन्होंने कहा कि वाल्मिकी समाज ने मुगलों से संघर्ष किया, लेकिन धर्म परिवर्तन नहीं किया।

वाल्मिकी समाज के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नाम रोशन कर रहे हैं – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि गोगादेव जी महाराज सामाजिक समरसता, शक्ति, पराक्रम और वीरता के प्रतीक थे। उन्होंने सोमनाथ विघ्वंस करने वाले मोहम्मद गजनवी से मुकाबला करते हुए अपने प्राणों की आहूति दी। मैं आज वाल्मिकी समाज का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे गोगा देव जी की प्रतीक छड़ी के पूजन का अवसर प्रदान किया। जब मुगल अपना तलवार के बल पर धर्मातरण कर रहे थे उस समय वाल्मिकी समाज ने सनातन धर्म में अपनी आस्था बनाए रखी। मुगलों के अत्याचार सहे, लेकिन धर्मातरण मंजूर नहीं किया। वाल्मिकी समाज में पहले शिक्षा को लेकर जागरुकता कम थी, लेकिन अब समाज के बेटे-बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में नाम रोशन कर रहे हैं। उच्च पदों पर पहुंच रहे हैं। मेरी समाज के बच्चों से अपील है कि भाजपा सरकार उनको शिक्षा के क्षेत्र में कई सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। वे उन सुविधाओं का लाभ लेकर बेहतर शिक्षा ग्रहण करे। अच्छी पढ़ाई करें और अच्छी नौकरी करें।
वाल्मिकी समाज ने सनातन संस्कृति की रक्षा की – उमेश नाथ जी महाराज
इस अवसर पर बोलते हुए सांसद उमेश नाथ महाराज ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा में वाल्मिकी समाज ने काफी अहम योगदान दिया है। मुगलों से सबसे पहले मुकाबला वीर गोगा देव जी ने किया था। महाकाल मंदिर को भी विधर्मियों के आक्रमण से बचाया था। इसलिए आज भी गोगादेव जी के ध्वज जब निकाले जाते हैं तो महाकाल मंदिर पर जाकर प्रणाम करते हैं। मैं वाल्मिकी समाज के लोगों से कहना चाहता हूं कि वह समाज का इतिहास पढ़े। वाल्मिकी समाज ने सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए काफी बलिदान दिए हैं। आज जो ध्वज हम पूजते हैं और जिसकी शोभायात्रा निकालते हैं, वह सनातन संस्कृति की रक्षा और पराक्रम का प्रतीक है। एक बार गोगा देव जी ने दिल्ली के सुलतान को जंग में हरा दिया था। सुलतान को उन्होंने दिल्ली जाने दिया था, लेकिन उसका झंडा रख लिया था। गोगा देव जी ने उस झंडे में मोर पंख और श्रीफल लगाकर वीर रतन सिंह जी की माता जी को भेंट किया। इसलिए हम छड़ी पूजन का आयोजन करते हैं। कांग्रेस पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों तक वाल्मिकी समाज के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी ने अयोध्या के अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नामकरण महर्षि वाल्मिकी के नाम पर किया।
कैलाश विजयवर्गीय जी ने वाल्मीकि समाज के साथ आत्मीय संबंध बनाए और उनके उत्थान के लिए कार्य किया – आकाश विजयवर्गीय।
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि कैलाश ने इंदौर में वाल्मिकी समाज के साथ आत्मीय संबंध बनाए और समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। उन्होंने गोगा देव जी के मंदिर बनवाए और समाज के लिए धर्मशालाओं को निर्माण करवाया। गोगा देव जी शिव भक्त थे और सोमनाथ महादेव को अपना इष्ट मानते थे। महमूद गजनवी ने गोगा देव जी को सोमनाथ के बदले खरीदने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने महमूद गजनी के आगे झुकने से इंकार कर अपने प्राणों का बलिदान किया। पहले महू में बाबा साहेब आंबेडकर जी की जन्म स्थली पर कोई व्यवस्था नही थी। कैलाश जी ने महू का विधायक बनने के बाद आंबेडकर जी का भव्य स्मारक बनवाया और वहां पर आने वाले भक्तों के लिए बेहतर व्यवस्था की।
कार्यक्रम में वाल्मिकी समाज की 4 पंचायतों जमीदारी पंचायत, महावाल्मिकी पंचायत, छावनी पंचायत और लश्करी पंचायत के चौधरियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता अशोक चौहान चांदू नेता, संदीप पथरोड़, विक्की पथरोड़, सिरज लोयत, अजय करोतिया, मनिष करोसिया, जीतू बागड़ी, भूपेंद्र केसरी, विधानसभा 1 के भाजपा पार्षद सहित बड़ी संख्या में समाज जन मौजूद थे।




