ताज़ा खबरधारप्रशासनविशेष रिपोर्ट
मिलावट के शक में 4.59 लाख का घी जब्त, तीन प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई
धार, मनावर और सरदारपुर में छापेमारी; 521 लीटर धौलपुर फ्रेश और 156 किलो श्रीकंचन घी के नमूने जांच के लिए भेजे

आशीष यादव। धार। जिले में मिलावटी दूध, घी और दूध से बने खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश और आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के आदेश के बाद विभाग की टीम ने धार, मनावर और सरदारपुर क्षेत्र में अलग-अलग प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग ब्रांड के घी के नमूने लेने के साथ कुल 4 लाख 59 हजार 477 रुपए कीमत का घी जब्त किया गया है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

धार में 407 लीटर घी जब्त
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों निर्मला सोमकुंवर, आरजी माऊटा और सुभाष खेडकर की टीम ने धार स्थित गिरिराज ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां प्रतिष्ठान के संचालक पुरुषोत्तम दास गुप्ता से विक्रय के लिए रखे धौलपुर फ्रेश देसी घी की अलग-अलग पैकिंग के पांच नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान 407 लीटर घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 61 हजार रुपए बताई गई है।
मनावर में 102 लीटर घी पकड़ा
इसके बाद टीम ने मनावर स्थित धौलपुर देसी घी के थोक विक्रेता गोल्टी टी एजेंसी का निरीक्षण किया। यहां संचालक विनोद पाटीदार से धौलपुर फ्रेश देसी घी की अलग-अलग पैकिंग के सात नमूने लिए गए। टीम ने मौके से 102 लीटर घी जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 82 हजार 842 रुपए है।
सरदारपुर के राजगढ़ में भी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राजगढ़ तहसील के सरदारपुर क्षेत्र स्थित नवकारश्री ट्रेडर्स का भी निरीक्षण किया। यहां विक्रय के लिए उपलब्ध श्रीकंचन घी, निर्माता सिद्ध फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, सोनकच्छ, जिला देवास के दो नमूने लिए गए। इसके बाद मौके पर मौजूद 156 किलो घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 15 हजार 635 रुपए है।
इसी प्रतिष्ठान से चन्द्रकमल देसी घी का 200 ग्राम नमूना भी लिया गया। साथ ही 15 लीटर घी, जिसकी कीमत करीब 8 हजार 500 रुपए है, जब्त किया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई
तीनों स्थानों से लिए गए घी के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट में यदि घी गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरता या मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फैक्ट फाइल
कुल जब्त घी: 4,59,477 रुपए मूल्य
धौलपुर फ्रेश देसी घी: 521 लीटर
श्रीकंचन घी: 156 किलो
कार्रवाई के प्रमुख स्थान: धार, मनावर और राजगढ़ (सरदारपुर)
नमूने: अलग-अलग ब्रांड व पैकिंग के नमूने लिए गए
अगला चरण: प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई



