सत्यम स्पिनर्स के सीईओ के घर से 5 लाख रुपए नगद सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी
सेंधवा।
पुराना एबी रोड स्थित एडवांटेज सिटी के एक सूने मकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए नगदी सहित सोने चांदी के आभूषणों को चुरा लिया। घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार एडवांटेज सिटी में रहने वाले सत्यम स्पिनर्स के सीईओ प्रदीप कुमार राउल के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने घर के दरवाजे का नकुचा सहित चार अलग अलग जगह पर लगे तालों को तोड़कर कर चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। मकान मालिक प्रदीप राउल निजी कार्य से इंदौर गए थे। घर पर सोने के लिए कंपनी के एक कर्मचारी को भेजा था, लेकिन कंपनी के कर्मचारी की तबीयत खराब होने से वह अपने रूम पर वापस चला गया था। इसी दौरान चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
आभूषण चोरी-
सत्यम स्पिनर्स के अकाउंटेंट कमलाकर सोनी ने बताया घटना की सूचना सीईओ प्रदीप कुमार को दी गई। उनसे फोन पर हुई चर्चा अनुसार घर में करीब 5 लाख रुपए से अधिक नगद सहित सोने और चांदी के कुछ आभूषण रखे थे। घर से कुल कितने रुपए और गहनों की चोरी हुई है। इस संबंध में भी स्पष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। प्रदीप कुमार के सेंधवा आने के बाद ही पूरी स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। चोरी का सुराग लगा रही है।
फोटो-