धार : बोरी गांव के पास मिले तेंदुए के 4 शावक, ग्रामीणों ने शावक को हाथ में उठाकर ली सेल्फी

धार। मप्र के धार जिले में तिरला विकासखंड के ग्राम पंचायत सेमलीपुरा के बोरी गांव में मिया की पहाड़ी पर तेंदुए के 4 शावक मिले हैं। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का दौरा जारी है। बारिश में अधिकांश वन्यप्राणी अपने परिवार से भटक जाते हैं। वैसे ही तेंदुए के 4 शावक मिले है। चारों शावक बेहद छोटे हैं। गांव कुछ युवकों ने तेंदुए के शावकों के साथ वीडियो बनाए और सेल्फी भी ली। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण मेहर सिंह अपने खेत पर काम कर रहा था, अचानक तेज बारिश होने के कारण वह पानी से बचने के लिए पास की पहाड़ी की गुफा में चला गया। गुफा के अंदर देखा तो तेंदुए के चार शावक थे, जिन्हें देखकर किसान हैरान हो गया। किसान ने गांव पहुंचकर इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। इसके बाद गांव से कुछ युवक गुफा में पहुंचे और तेंदुए के शावकों के साथ वीडियो बनाने लेने लगे और सेल्फी भी लेने लगे।
गुफा में तेंदुए के शावक मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं वन विभाग के रेंजर प्रियेश पाटीदार ने बताया की शावकों के मिलने की सूचना मिलते ही एक टीम मौके पर पहुंचा दी है। फिलहाल शावकों को एक गुफा में ही रखा गया है। वहीं ग्रामीणों को गुफा में जाने से रोका जा रहा है। वहीं उम्मीद की जा रही है कि मादा तेंदुआ वापस बच्चों के बीच आ सकती है। अगर वह नहीं आती है तो वन विभाग की टीम शावकों को सुरक्षित स्थान पर ले जाएगी।