धार नगर पालिका अध्यक्ष नेहा महेश बोड़ाने ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से की मुलाकात
नगर पालिका की दयनीय वित्तीय स्थिति से कराया अवगत, विशेष मद से सहायता राशि, लंबित स्टाम्प डयूटी और नपा में स्वास्थय अधिकारी की नियुक्ति की मांग

आशीष यादव धार
आर्थिक संकट से जूझ रही धार नगर पालिका को वित्तीय संकट से उबारने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष नेहा महेश बोड़ाने लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में बुधवार को अध्यक्ष बोड़ाने ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात कर नगर पालिका की दयनीय वित्तीय स्थिति से अवगत कराया। अध्यक्ष बोड़ाने ने तीन अलग-अलग मांगों को लेकर आवेदन पत्र सौंपा। इनमें विशेष निधि मद के अंतर्गत आर्थिक सहायता के रूप में राशि आवंटन की मांग प्रमुख रही। साथ ही उन्होंने वर्ष 2016-17 से 2021-22 तक की लंबित स्टाम्प ड्यूटी की राशि का भुगतान नगर पालिका को शीघ्र दिलवाने की अपील की। इसके अतिरिक्त नगर की साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अध्यक्ष ने नगर पालिका में स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर शीघ्र नियुक्ति की भी मांग की।
विशेष निधी मद आवंटन की मांग:
अध्यक्ष द्वारा दिए गए आवेदन में बताया कि नगर पालिका को विगत 4 से 5 वर्षो से विशेष निधि मद अंतर्गत निकाय राशि प्राप्त नही हुई है। निकाय अंतर्गत कई विकास कार्य प्रस्तावित है। वर्तमान में नगर पालिका की वित्तिय स्थिति भी नही है। विशेष निधि मद अन्तर्गत आकास्मिक प्रायोजन एवं विकास कार्यो हेतु पात्रता अनुसार राशि रूपये 2.50 करोड का अनुदान नगर पालिका धार को उपलब्ध कराया जाए।
निकायों की स्टाम्प डयुटी का हो भुगतान:
दूसरे आवेदन में अध्यक्ष नेहा महेश बोड़ाने ने बताया कि नगर पालिका परिषद धार सीमा क्षेत्र में खरीदी बिक्री पर लगने वाली स्टाम्प डयूटी की रशि वर्ष 2016-17 से 2021-22 तक पात्रता अनुसार प्राप्त नही हुई है। पूर्व में भी निकाय द्वारा राशि की मांग की गई थी जिससे निकाय की वित्तीय स्थिति अत्यंत खराब है। निकाय अन्तर्गत मुलभुत सुविधा, कर्मचारियों के एरियर, वेतन, पेंशन अंशदान, जी.पी.एफ, ई.पी.एफ, आउटसोर्स कर्मी वेतन व निकाय द्वारा किये गये विकास कार्यो का भुगतान किया जाना लंबित है। निकाय की वित्तीय स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए वर्ष 2016-17 से 2021-22 तक स्टाम्प ड्युटी शेष राशि दस करोड़ अठोत्तर लाख छत्तीस हजार सात सौ इकसठ रूपये निकाय को भुगतान किया जाए।
स्वास्थय अधिकारी के पद पर नियुक्ति की मांग:
अध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका में स्वास्थय अधिकारी का पद विगत 6 वर्षो से रिक्त है। स्वास्थय अधिकारी का पद रिक्त होने से स्वच्छ भारत मिशन के कार्य व नगर में स्वच्छता संबंधी कार्यो को सम्पादन करने में परेशानी आ रही है। वर्तमान में स्वास्थ्य अधिकारी का दायित्व सफाई दरौगा द्वारा किया जा रहा है। इस पद पर स्वास्थ्य अधिकारी की नियुक्ति की जाए।