सेंधवा। मातृशक्ति महिला मंडल ने किया महिला शक्ति का सम्मान

सेंधवा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को मातृशक्ति महिला मंडल ने प्राइवेट संस्था में कार्यरत परिवार का पालन पोषण करने वाली महिला शक्ति का स्वागत व सम्मान किया। मातृशक्ति महिला मंडल की अंतिम बाला शर्मा ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के दौर में महिलाएं नई बुलंदियों को छू रही है। किसी भी कार्य में महिलाएं भी पुरुषों से कम नहीं है। केवल आपको जरूरत है उसमें छुपी शक्ति पहचानने की। ऐसी ही एक नारी शक्ति सावित्रीबाई जो कि विगत 28 वर्षों से प्राइवेट संस्था में भृत्य के पद पर कार्यरत हैं। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण दिव्यांग होने के बावजूद भी महिला तन मन से समर्पित होकर संस्था में कार्य कर रही है। सुबह 8 बजे से लेकर शाम को 5 बजे तक सतत कार्य करके घर जाती है। उसके बाद घर का कार्य भी करती है। जो महिलाएं पूर्ण रूप से सक्षम होने के बाद भी कार्य नहीं करती है। उन्हें सावित्रीबाई से जीवन जीने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कभी किसी से कोई सहारा नहीं मांगा । खुद मेहनत करके अपने जीवन का निर्वहन कर रही है। उन्होंने अपने दोनों बच्चों को पाल-पोसकर बड़ा किया एवं उनकी जिम्मेदारियां उठाई। मातृशक्ति महिला मंडल ने हर संभव मदद देने के लिए सावित्रीबाई को कहा है। सावित्रीबाई सम्मान पाकर इतनी खुश थी उन्होंने कहा कि किसी ने पहली बार हमारा सम्मान किया है। इस अवसर पर
मंडल की सदस्य अंतिम बाला शर्मा,गीता कानूनगो, राखी माहेश्वरी,रेणु भार्गव, शोभा पालीवाल, पूजा ठक्कर, अर्चना गुले, रेखा राठौड़, हिताक्षी गुरव एवं अन्य सभी सदस्य उपस्थित थे।