5 करोड़ के धान घोटाले में 5 समितियों के प्रबंधक समेत 22 लोगों पर केस दर्ज

जबलपुर ; मप्र के जबलपुर में धान उपार्जन में बडा घोटाला सामने आया है। धान उपार्जन में करीब 5 करोड़ 21 लाख रुपए की गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ है। कलेक्टर दीपक सक्सेना के आदेश पर 5 समितियों के 22 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक नुजहत बकाई के मुताबिक मामले में शिकायत मिली थी। जिस पर कलेक्टर ने मामले की जांच के लिए जांच कमेटी गठित की थी। जांच में 2 हजार 268 मीट्रिक टन धान की खरीदी में गड़बड़ी सामने आई थी। वहीं जांच में पाया गया कि वेयरहाउस संचालक, समिति प्रबंधक, खरीदी केंद्र प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने मिलकर षड्यंत्रपूर्वक पोर्टल पर धान की फर्जी एंट्री की थी। जब जांच हुई तो खुलासा हुआ कि खरीदी केंद्रों में पोर्टल पर दर्ज धान की मात्रा वास्तविक स्टॉक से कम थी। वहीं, खांड समिति में तो फर्जी तरीके से इसका भुगतान भी प्राप्त कर लिया गया था। दूसरी ओर, जिन किसानों ने वास्तव में धान बेची थी, वे अब भी अपने भुगतान के लिए चक्कर काट रहे थे।