वन प्रबंधन समितियो, जैव विविधता प्रबंधन समितियो व पेसा समितियो का सम्मेलन आयोजित किया गया
नर्मदा नदी के आसपास क्षेत्र में जैव विविधता को बढ़ाने के लिए अतिक्रमण मुक्त कर वृक्षारोपण का कार्य करे।
आशीष यादव धार
वनपरिक्षेत्र कुक्षी (सुसारी) परिसर मे संयुक्त वन प्रबंधन समितियो, जैव विविधता प्रबंधन समितियो एवं पेसा समितियो का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जीवन रेखा पवित्र नर्मदा नदी के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में कार्य करने हेतु नर्मदा नदी के किनारे स्थित वनक्षेत्र एवं उनसे सम्बंधित समितियो को जागरूक करना है। सम्मेलन मे उपस्थित समिति पदाधिकारियो को नर्मदा नदी के 10 कि.मी. तक क्षेत्र में धार्मिक आस्था तथा ऐतिहासिक स्थलो के जीर्णोद्वार एवं पवित्र वन स्थापित करने के प्रस्तावो पर चर्चा की। नर्मदा नदी के समानान्तर 10 कि.मी. क्षेत्र में जैव विविधता को बढ़ाने के लिए अतिक्रमण मुक्त कर वृक्षारोपण के माध्यम से सघन वन बनाना उद्देश्य है। ग्राम वन समितियों, वन संसाधन योजना तथा नियंत्रण समितियो की सुक्ष्म प्रबंध योजना तैयार कर गौण वनोपज के संवहनीय विदोहन, स्त्रोतो का संरक्षण एवं संवर्धन की जानकारी दी।
समितियो के सम्मेलन को सर्वप्रथम अशोक कुमार सोलंकी वनमण्डल अधिकारी धार द्वारा संबोधित किया गया। वनमण्डलाधिकारी धार द्वारा सम्मेलन का उद्देश्य समितियो के दायित्व एवं वनो की सुरक्षा का संदेश दिया। संयुक्त वन प्रबंधन की संकल्पना, वनो के प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा विषय पर धर्मेन्द्र शर्मा परिक्षेत्र अधिकारी टाण्डा द्वारा उद्बोधन दिया गया। जैव विविधता परिचय के बारे में डॉ. शैलेन्द्र सोलंकी ने जानकारी दी। कीट एवं उद्यान जैव विविधता पर मोहनसिंह मुजाल्दा सहायक संचालक उद्यानिकी विभाग धार ने प्रकाश डाला।
कृषि सम्बंधी जैव विविधता के बारे में मनोज चौहान एस.डी.ओ कृषि विभाग धार ने जानकारी दी। डॉ. नूतन राजपुत सहायक प्राध्यापक एवं डॉ. एम.एस. अजनार शासकीय महाविद्यालय मनावर द्वारा क्षेत्र की जैव विविधता का संकलन लोक जैव विविधता पंजी में किया जाकर उसके महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम में अग्नि सुरक्षा के महत्व को दर्शाते हुए पाम्पलेट वितरण किये। कार्यक्रम में उपस्थित चंचल पाटीदार जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) ने भी सभा को संबोधित किया। संतोष कुमार रनशोरे उपवनमण्डल अधिकारी सरदारपुर ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए वन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। नारायण पाटीदार उपसरपंच भी सम्मेलन में उपस्थित रहे। वनपरिक्षेत्र अधिकारी कुक्षी राजाराम कल्याणे से कार्यक्रम का आयोजन किया एवं उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।