मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेहरू स्टेडियम में झण्डावंदन किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जोश और जुनून के साथ उत्साह भरे वातावरण में झण्डावंदन किया
मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेहरू स्टेडियम में झण्डावंदन किया*
इंदौर । 76वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्सव, उमंग और देशभक्ति के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह इंदौर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जोश और जुनून के साथ उत्साह भरे वातावरण में झण्डावंदन किया। उन्होंने परेड की सलामी ली। इस मौके पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक एवं नयनाभिराम झांकियां भी निकाली गई। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के मंगल अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन करते हुए कहा कि आज राष्ट्र के जन-गण-मन में देशभक्ति और देश के लिए गर्व का भाव सशक्त हो रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व-गुण के फलस्वरूप यह संभव हुआ है। आज संपूर्ण विश्व में भारत की गरिमा और साख बढ़ रही है। गणतंत्र दिवस की वर्षगाँठ पर राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए शहीद राष्ट्रभक्तों और ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने कहा कि आज संविधान निर्माताओं के प्रति भी कृतज्ञता ज्ञापित करने का दिन है। हमारा संविधान गौरव और स्वाभिमान के साथ हमें अपने अधिकारों और कर्तव्यों का बोध भी करवाता है। संविधान दिवस के माध्यम से हमारा राष्ट्र संविधान की महिमा को एक उत्सव के रूप में मनाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस की वर्षगाँठ पर यह बताते हुए प्रसन्नता है कि एक वर्ष में प्रदेश के चहुँमुखी विकास के साथ प्रदेश की जनता के हित में जन-सहयोग से जो कार्य हुए हैं, उनसे मध्यप्रदेश विकसित राज्य के रूप में पहचान बना रहा है। इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश के लगभग साढ़े आठ करोड़ नागरिकों को जाता है, जो इस पहचान के शिल्पकार रहे हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की मंशानुरूप विकसित भारत के लिए विकसित मध्यप्रदेश की हमारी यात्रा निरंतर चल रही है।
*अभूतपूर्व उत्साह के बीच 19 प्लाटूनों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड*
76वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत अभूतपूर्व उत्साह का माहौल था। समारोह में 19 प्लाटूनों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झण्डावंदन के पश्चात खुली जीप से सम्पूर्ण परेड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ कलेक्टर श्री आशीष सिंह और पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह थे। उन्होंने परेड कमाण्डरों से परिचय भी प्राप्त किया। परेड के दौरान सशस्त्र दलों द्वारा हर्ष फायर किये गये। खुला आसमान तिरंगे के तीन रंगों से सराबोर हो गया। समारोह में परेड का नेतृत्व परेड कमांडर आईपीएस श्री आदित्य सिंघारिया ने किया। उनका अनुकरण टूआईसी सुबेदार पूजा पाटीदार ने किया। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा (सशस्त्र), आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष), जिला पुलिस बल (महिला), जिला होमगार्ड बल, यातायात पुलिस बल, वन विभाग, एनसीसी, शौर्य दल, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस, सृजन, बीएसएफ, प्रथम वाहिनी बैंड, अश्व दल (प्रथम वाहिनी) तथा आर चालक द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गयी। इस अवसर पर बीएसएफ के बैंड ने देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत राष्ट्रीय धुनों से सम्पूर्ण वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।