विश्व ब्राह्मण समाज संघ का अनुपम आयोजन, देशभर की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
प्रोत्साहन मिलने से निखरती है प्रतिभा 108 प्रतिभाएं अटल गौरव सम्मान से अलंकृत निरंतरता के साथ उत्कृष्ट कार्य करने से मिलता है सर्वोच्च स्थान

विश्व ब्राह्मण समाज संघ का अनुपम आयोजन, देशभर की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
प्रोत्साहन मिलने से निखरती है प्रतिभा
108 प्रतिभाएं अटल गौरव सम्मान से अलंकृत
निरंतरता के साथ उत्कृष्ट कार्य करने से मिलता है सर्वोच्च स्थान
सनातन संस्कृति में सामाजिक सद्भाव का अद्वितीय उदाहरण विश्व ब्राह्मण समाज संघ
इंदौर। समाज के हर वर्ग का समावेश कर श्रेष्ठता का चयन सनातन संस्कृति की आत्मा में समाहित है। इसी मूल वाक्य को विश्व ब्राह्मण समाज संघ के इस आयोजन में चरितार्थ होते देखा गया। संघ के द्वारा देश की विभिन्न विधाओं की श्रेष्ठ प्रतिभाओं को जो मंच मिला है वह उनके द्वारा समाज में योगदान को और ज्यादा बढ़ाएगा और यशस्वी बनाएगा।
यह बातें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित अटल गौरव सम्मान समारोह में देशभर की 108 प्रतिभाओं के अलंकरण में अतिथियोंं के द्वारा कही गई। शनिवार को जाल सभागृह में आयोजित समारोह सुबह 11 बजे निर्धारित समय पर शुरू हुआ और 4 बजे तक जारी रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मुख दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। विशेष अतिथि सत्गुरु अन्ना महाराज थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश ज्योतिष एवं विद्वत परिषद के अध्यक्ष आचार्य रामचंद्र शर्मा वैदिक ने की। आयोजन में विशेष रूप से रणजीत हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी दीपेशजी व्यास मौजूद थे जिनका विशेष सम्मान भी किया गया। विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व राज्यमंत्री दर्जा पंडित योगेन्द्र महंत ने कार्यक्रम की रूपरेखा को विस्तार से बताया। उन्होंने देश में चलाए जा रहे सामाजिक, धार्मिक कार्यक्रमों के साथ समाज के हर वर्ग की प्रतिभाओं को जोडऩे एवं उनके प्रोत्साहन बढ़ाने के लिए आयोजन की मंशा भी साझा की। इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी, सेना के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, ज्योतिष, धर्म-समाज, शिक्षाविद, खेल, चिकित्सक, इंजीनियर आदि विभिन्न विधाओं के जानकारों का सम्मान किया गया। संचालन विश्व ब्राह्मण समाज संघ की समन्वयक अर्पणा जोशी ने किया। इस अवसर पर विश्व ब्राह्मण समाज संघ की महिला संयोजिका श्रीमती सावित्री अग्रावत, रामकृष्ण शर्मा प्रभुजी, पंडित देेवेन्द्र शास्त्री खंडवा, इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार कीर्ति राणा, सुरेश पाठक, विजय बोडख़ा, विनीत त्रिवेदी आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए। आभार पंडित अनंत योगेन्द्र महंत ने माना।
गौरव का क्षण, छलक उठे नयन, चला सेल्फी का दौर
विश्व ब्राह्मण समाज संघ के जाल सभागृह में हुए आयोजन में सम्मानित होने वाली प्रतिभाएं परिजनों एवं इष्ट मित्रों के साथ शामिल हुए। जैसे ही सम्मान के लिए मंच से नाम लिया जाता तो उत्साह के साथ मंच की ओर बढ़ते कदम गौरव के क्षण का अनुभव करते नजर आए। इसी के साथ अपनों के बीच सम्मान पाकर कईयों के नयन छलक उठे। आयोजन में सेल्फी का दौर भी लंबे समय तक जारी रहा। हर कोई इस गौरव के क्षण को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद करने को उत्सुक नजर आया।
इनका बढ़ा मान
विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. योगेंद्र महंत ने बताया कि ‘अटल गौरव सम्मान 2024-25’ प्रमुख रूप से मुंबई से विनोद शास्त्री, गुडग़ांव से शशिकांत शर्मा, असिस्टेंट कमिश्नर रेवेन्यू दीपमाला ठाकुर, भारतीय सेना के कर्नल दिनेश कुमार शर्मा, राजीव मिश्रा लखनऊ, डीएसपी प्रशांत चौबे उज्जैन, महेशचंद्र वैष्णव जयपुर, डॉ. सुनैना मिश्रा रायपुर छत्तीसढ़, राकेश श्रीवास्तव, रिटायर्ड आईएएस, भोपाल, नरेन्द्र वैष्णव, घाटौद राजस्थान, धर्मेन्द्र चौधरी, रिटायर्ड आईपीएस, इंदौर, कुमारी विधि मंडलोई, नेशनल शूटर इंदौर, डॉ. शरद पंडित चिकित्सक इंदौर, राजीव मिश्रा, लखनऊ, समाजसेवा, नर्मदा पुरम से अनिल पाटीदार, आशीष गोयल धार, पंकज जैन, प्रेम विजय पाटिल, जयकृष्ण चांडक हरदा, एसडीओपी सृष्टि भार्गव, डॉ विशाल दामके, इंडियन रेलवे से खेमराज मीणा आदि 10८ प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक अटल गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह भी बोले अतिथि
– सनातन का अर्थ सत्यम, शिवम, सुंदरम।
– प्रतिभाओं को सम्मानित करने का पुनीत कार्य समाज में प्रशंसनीय।
– गुण सभी जगह पूजे जाते हैं प्रतिभाएं अपना रास्ता स्वयं चुनती है और उत्कर्ष पर पहुंचती हैं।
– भारत भूमि पुनीत, पुण्य स्वरूपा देवी अहिल्या की नगरी में धर्म, समाज और श्रेष्ठ कार्यों को मिलता रहा प्रोत्साहन।
– देवी अहिल्या की नगरी इंदौर में सम्मान आपकी यश पताका कीर्ति को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
– विश्व में केवल भारतीय संस्कृति ही जोडऩे और सामाजिक समरसता का भाव रखती है।
महंत जी भामाशाह और दानवीर- आचार्य रामचंद्र शर्मा वैदिक
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित अटल गौरव सम्मान की अध्यक्षता करते हुए मध्यप्रदेश ज्योतिष एवं विद्वत परिषद के अध्यक्ष आचार्य रामचंद्र शर्मा वैदिक ने कहा कि सनातन धर्म का अर्थ सत्यम, शिवम, सुंदरम है। प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है, सनातन की ध्वजा लहरा रही है। भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में विश्व ब्राह्मण समाज का यह अद्वितीय आयोजन है और इस आयोजन के मूल में संस्था के राष्ट्रीय पंडित योगेन्द्र महंत सरल सहज और दानवीर और भामाशाह है। महंतजी हमेशा ही समाज में सेवा का भाव रखकर दिल खोलकर सभी का साथ देने में पहली पंक्ति में खड़े रहते हैं।
हम देने में विश्वास रखते हैं, लेने में नहीं- अन्ना महाराज
कार्यक्रम में सद्गुरु अन्ना महाराज ने कहा कि सामाजिक समरसता जिस प्रकार से भारत में है ऐसी किसी देश में नहीं। हमारी सनातन संस्कृति देने में विश्वास रखती है, लेने में नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि कुंटुंब में जो बिखराव हो रहा है परिवार टूट रहे हैं, सामाजिक विघटन हो रहा है ऐसे में विश्व ब्राह्मण समाज संघ और पंडित योगेन्द्र महंत के द्वारा किया जा रहा यह आयोजन सामाजिक एकरूपता का अद्वितीय उदाहरण है।
अनेक संस्थाओं ने किया पंडित योगेन्द्र महंत का सम्मान
अटल गौरव सम्मान समारोह के आयोजक विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित योगेन्द्र महंत का प्रदेश की दर्जनभर सामाजिक, धार्मिक और साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मान किया गया। ज्योतिष संस्थान के भरत भार्गव ने कहा कि पंडित योगेन्द्र महंत हमेशा से समाज के हर वर्ग को सहयोग करते आए हैं इसलिए वे अभिनंदन और सम्मान के सबसे बड़े हकदार हैं।