बुरहानपुर; अजजा आयोग अध्यक्ष आर्य ने पौधा रोपण कर, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नागरिकों के बीच पहुँचकर सुनी समस्याएं, स्व सहायता समूहों की दीदीयों ने बनाना फाईबर से निर्मित उत्पाद किये भेंट

बुरहानपुर सत्याग्रह लाइव। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतरसिंह आर्य आज नेपानगर में जनसामान्य के बीच पहुँचे। उन्होंने आदिवासी जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से जनजातीय समुदाय की समस्याओं को सुना एवं निवारण हेतु आश्वस्त भी किया। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री आर्य ने जनजातीय बोली में संबोधित करते हुए कहा कि, अनुसूचित जनजाति आयोग आपके हितों की रक्षा एवं समस्याओं को दूर करने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने मंच से उतरकर आदिवासी समुदाय के नागरिकों के बीच पहुँचकर उनसे चर्चा की तथा आवेदन भी प्राप्त किये। इस अवसर पर नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्काे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे। अध्यक्ष श्री आर्य ने जनसमुदाय को अधिक से अधिक पौधें लगाने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने जनसमुदाय को, आने वाली पीढ़ी के लिए जंगल बचाने का संकल्प भी दिलवाया। जिससे कि एक अच्छा और स्वच्छ वातावरण का निर्माण हो सकें। उन्होंने कहा कि, ‘‘एक पेड़ माँ के नाम‘‘ अभियान के तहत एक पेड़ अवश्य लगाये। अध्यक्ष श्री आर्य द्वारा जनसंवाद शिविर का शुभारंभ भगवान बिरसा मुण्डा जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर किया गया।

नेपाानगर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में अध्यक्ष श्री आर्य का भव्य पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। जनसंवाद में विधायक सुश्री मंजू दादू ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधें लगाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि, वनों का संरक्षण हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। आयोग नई दिल्ली उपसंचालक श्री आर.के.दुबे ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की स्थापना, कार्यप्रणाली, उद्देश्य और महत्व के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी जनजातीय समुदाय को बतलाई। शिविर में आकांक्षा योजना के तहत जीएसआईटीएस कॉलेज इंदौर में प्रवेश होने पर बड़गांवमाफी निवासी कु.आरती के माता-पिता को सम्मानित भी किया गया। शिविर में जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि ने अपनी बात भी रखी। रोपित किये पौधें राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतरसिंह आर्य ने ‘‘एक पेड़ माँ के नाम‘‘ अभियान के तहत सर्किट हाउस नेपानगर में पौधें रोपित किये।

इस दौरान अमरूद, जामुन, सीताफल, रामफल, आँवला इत्यादि पौधों का रोपण किया गया। केले के रेशे से निर्मित उत्पाद किये भेंट राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतरसिंह आर्य को स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा केले के रेशे से निर्मित घड़ी, कैप, फ्लॉवर पोट, पेन होल्डर सहित अन्य उत्पाद भेंट किये गये। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, वनमंडलाधिकारी श्री विजय सिंह, अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान, एसडीएम नेपानगर श्री भागीरथ वाखला सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
