सेंधवा पुलिस ने 3 घंटे में फरियादी के दो ऊंट ढूंढकर सुपुर्द किया
- थाना प्रभारी सेंधवा शहर की टीम के प्रयास से फरियादी के चेहरे पर लाई मुस्कान
सेंधवा। रमन बोरखड़े।
ऊंट चोरी की सूचना पर शहर पुलिस की टीम द्वारा तत्काल शहर के सीसीटीवी कैमरे चेक कर ऊंट ढूंढ कर फरियादी को लौटाया गया। शहर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही कर ऊंट मिलने पर फरियादी राहुल ने सेंधवा पुलिस को धन्यवाद देकर खुशी जाहिर की। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को फरियादी राहुल पिता प्रकाश भिरसे निवासी सुदामा कॉलोनी सेंधवा ने सुबह 8.30 बजे थाना आकर बताया की मेरे 2 ऊंट सुदामा कॉलोनी में रस्सी से रात में बांधे थे, जो अब मिल नहीं रहे हैं।
इस पर थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन द्वारा ऊंट गुमने की सूचना मिलने पर तत्काल थाना सेंधवा शहर टीम को मौके पर भेजकर आसपास के सीसीटीवी कैमरे करवाए। जिसमें फरियादी राहुल के 2 ऊंट अपने खूटे की रस्सी सहित सुदामा कॉलोनी से एसपीएस स्कूल की तरफ से जंगल में जाते हुए दिखाई दिए। जिनका टीम द्वारा पीछा कर बड़गांव जंगल में उक्त दोनों ऊंट मिले। जिन्हें शहर पुलिस द्वारा फरियादी राहुल के सुपूर्द किया। इस पर फरियादी राहुल बिरसे द्वारा सेंधवा शहर पुलिस को धन्यवाद दिया गया।