सेंधवा; वाटर पार्क निर्माण के लिए 5 करोड़ की राशि की मांग, नपाध्यक्ष ने सीएम को सौंपा मांगपत्र, नजूल की जमीन नपा को देने की मांग

सेंधवा रमन बोरखडे। नगर विकास व सौंदर्यकरण हेतु नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने शहर आए मुख्यमंत्री को पत्र देकर वाटर पार्क निर्माण के लिए 5 करोड़ की राशि दिए जाने और नगर में खुली पड़ी नजूल की जमीन को नगर पालिका को दिए जाने की मांग की। उक्त जानकारी भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने दी ।
अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भगोरिया हाट देखने के लिए रविवार शाम को सेंधवा पहुंचे थे। इस दौरान वे आदिवासी भाईयों के साथ भगोरिया में सम्मिलित हुए। सीएम ने अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य के निवास पर पहुंचकर भोजन किया। इस दौरान नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने मुख्यमंत्री यादव से मुलाकात करते हुए नगर विकास और नगर सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ रूपए का मांग पत्र सीएम को सौंपा। नपा अध्यक्ष यादव ने कहा की सेंधवा नगर की आबादी करीबन 80 हजार के लगभग है। नगर की बसावट पुरानी होकर मनोरंजन के साधन बहुत सीमित होने से नगर का विकास नहीं हो पाया है। नगर से 50 से 60 किलोमीटर दूर तक भी मनोरंजन के कोई साधन भी नहीं है। इसलिए नगर पालिका द्वारा नगर में मनोरंजन व नगर सौंदर्यीकरण हेतु वाटर पार्क बनाने हेतु 5 करोड़ की योजना बनाई ह।ै जिससे नगर का सौंदर्यीकरण भी बढ जाएगा। साथ ही मनोरंजन के साथ नपा को राजस्व की भी बड़ोत्री होगी।
नजूल की जमीन को नपा को दी जाए-
नपाध्यक्ष यादव ने नगर में खुली पड़ी नजूल की जमीन को नपा को सौंपने की मांग भी की है, ताकि नगर विकास में उक्त जमीन का उपयोग किया जा सके। इस संबंध में पूर्व में भी नपा अध्यक्ष द्वारा तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को भी पत्र के माध्यम से मांग की गई थी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मांग पत्र लेते हुए कहा की अभी आचार संहिता लगी है मैं अभी नहीं कर सकता। किंतु चुनाव बाद आपकी मांग पूरी होगी। मैं इस पर कार्यवाही जरूर करूंगा। इस दौरान नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी, प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, पूर्व नपा उपाध्यक्ष अरुण चौधरी, विकास आर्य, छोटू चौधरी, अखिलेश पवार सहित अन्य मौजूद रहे।