सेंधवा आए नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की ओर ध्यान देने की आवश्यकता

सेंधवा।
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कमल इंगले रविवार को सेंधवा पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर व आरती उतारकर स्वागत किया। भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि रविवार को भाजपा के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष कमल नयन इंगले आज नगर में पहुंचकर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सादगीपूर्ण भेंट कर परिचय लिया। इस अवसर पर इंगले ने कहा की संगठन ही वह ताकत है जो भाजपा आज विश्व के सबसे बडे दल के रूप में उभरा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की ओर ध्यान देने की आवश्यकता है । साथ ही सरकारी कर्मचारियों को भी हमे साधने की आवश्यकता है, क्योंकि राजपुर विधानसभा में हमें कर्मचारियों के वोट मिल जाते तो हम वह सीट जीत जाते।
कदम से कदम मिलाकर काम करेंगे-
भाजपा नेता विकास आर्य ने संगठन को मजबूती देने के लिए जिला अध्यक्ष के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करने की बात कही। नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा की कार्यकर्ताओं में नई चेतना जागृत कर आगे बड़ने की आवश्यकता है। पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य ने कहा की एक समय ऐसा भी था जब 1980 में भाजपा के गठन के समय हमारे पास पैसे की किल्लत थी, जब हम लोग ट्रक में रेत भरकर उसमें गादी बिछाकर मुंबई गए थे। उस अधिवेशन में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई ने कहा था एक समय ऐसा आएगा की अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा। और आज वह बात सिद्ध साबित हुई है। केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार है। चुनाव में हार जीत चला करती है। आगामी लोकसभा चुनाव में हमें 400 सीट पर विजयी होना है। उसके लिए सभी तैयार है।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एस वीरा स्वामी, लता सीताराम पटेल, लक्ष्मी शर्मा, ज्योत्सना अग्रवाल, राजू चौधरी, बंटी जमरे, राहुल पवार, छोटू चौधरी, निलेश अग्रवाल, रमेश जाट, रोहित गर्ग, विवेक तिवारी, मनोज मंडलोई, अशोक नुवाल, प्रखर शर्मा आदि मौजूद थे। भाजपा जिलाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री अंतरसिंह आर्य के निवास पर बैठक लेने के पश्चात सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव के निवास पर भी पहुंचे। जहां उनका स्वागत किया गया।