तुलसी विवाह का दिव्य आयोजन ,भव्य बारात निकलेगी, विधि विधान से होंगी सारी रस्में

इंदौर। देवउठनी ग्यारस पर कालिंदी गोल्ड सिटी बैकुंठ धाम मंदिर पर धूमधाम और विधि-विधान के साथ तुलसी विवाह का दिव्या आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सौ.का.तुलसी संग शालिग्राम परिणय बंधन में बंधेंगे। आयोजक ज्योतिष एवं वास्तुविद श्रीमती किरण शर्मा ने बताया कि कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी के दिन तुलसी विवाह का प्रावधान है। तुलसी विवाह देवउठनी या देवोत्थान एकादशी को मनाया जाता है इस दिन तुलसी माता की विधि विधान से पूजा की जाती है और तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। यह एक मांगलिक और आध्यात्मिक पर्व है| धार्मिक मान्यता के अनुसार इस तिथि पर भगवान श्रीहरि विष्णु के साथ तुलसी जी का विवाह होता है, यह भी माना जाता है कि इस दिन भगवान नारायण चार माह की निद्रा के बाद जागते हैं| उन्होंने बताया कि हिंदू सनातन धर्म में तुलसी विवाह का बड़ा महत्व है। इसीलिए यह आयोजन किया जा रहा है। 23 नवंबर को मंदिर परिसर से बाजे गाजे के साथ भव्य बारात भी निकलेगी। विवाह की सारी रस्में हिंदू संस्कृति के अनुसार विधि- विधान से संपन्न होगी। जिसमें बड़ी संख्या में लोग सम्मिलित होंगे। साथ ही स्नेह भोज का आयोजन भी रखा गया है।