बडवानी। स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेस की पहरेदारी, खाना-पीना भी स्ट्रांग रूम के बाहर

-कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक दे रहे ईवीएम कक्ष के बाहर पहरा
बडवानी।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन स्ट्रॉन्ग रूम्स में रखी गई हैं। बड़वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर डेरा जमा लिया है। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय से अनुमति ली गई है। विधानसभा चुनाव की वोटिंग के बाद ईवीएम मशीनों का स्ट्रांम रुम में सील किया गया हैं। तीन दिसंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे, तब इन मशीनों को निकाला जाएगा। इस दौरान मशीनों से छेड़छाड़ या हेराफेरी की आशंका को लेकर कांग्रेसियों ने स्ट्रांम रूम के बाहर पहरेदारी शुरू कर दी हैं। शनिवार रात से बैठे कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक आधे माह तक 15 सर्द रातें यहीं काटेंगे। बड़वानी में चारों विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ता एकलव्य विद्यालय परिसर में बने स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर टेंट लगाकर पहरा दे रहे हैं। उन्होंने टेंट में लंबा बिस्तर और पंखा लगा रखा है। चार लोग दो-दो की शिफ्ट में बारी-बारी से रहकर देखरेख कर रहे हैं। अब 3 दिसंबर को मतगणना के बाद बडवानी जिले के बडवानी, सेंधवा, राजपुर और पानसेमल के लिए विधायक का फैसला होगा। भाजपा प्रत्याशी चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी भी फीडबैक ले रहे हैं। सेंधवा विधानसभा के दीतला निगवाल, गौतम, खुमसिंग, मोजीलाल सहित कई कार्यकर्ता शनिवार से स्ट्रांग रूम के बाहर बैठे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता गौतम का कहना है कि रात में बारी-बारी से पहरेदारी करते हैं। रविवार सुबह सेंधवा क्षेत्र के कई कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम के बाहर पहुंचे। यहां उन्होंने पहरेदारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ खाना खाया। बड़वानी से कांग्रेस प्रत्याशी राजन मंडलोई ने कहा कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है। हमें डर है कि कहीं ईवीएम से छेड़खानी न हो जाए, क्योंकि ऐसा करना संभव है। हमारी मेहनत पर पानी न फिर जाए, इसलिए स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर मैदान में पहरा दे रहे हैं। सेंधवा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता दितला निगवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब ये लोग जीती हुए सरकार को गिरा सकते हैं, तो ईवीएम में भी गड़बड़ी कर सकते हैं।
824657 मतदाताओं ने किया मतदान
जिले की चारों विधानसभा सीट पर हुए मतदान में इस बार जिले में कुल 10 लाख 69 हजार 195 मतदाताओं में से 77.13 प्रतिशत यानी 8 लाख 24 हजार 657 मतदाताओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया। इसमें 4 लाख 18 हजार 941 पुरुष मतदाता और 4 लाख 5 हजार 702 महिला मतदाताओं तथा 14 अन्य मतदाताओं ने अपना मतदान किया।
विधानसभावार आंकड़े
विधानसभा- पुरुष मतदाता- महिला- अन्य- कुल मतदाता
बड़वानी- 101403- 98314- 01- 199718
सेंधवा- 111756- 106778- 10- 218544
राजपुर- 105543- 102590- 02- 208135
पानसेमल- 100239- 98020- 01- 198260

स्ट्रांग रूम के बाहर ही खाना भी हो रहा है।