स्वामी रामदयाल महाराज के चातुर्मासिक अनुष्ठान का पहला न्यौता छत्रीबाग के चिंताहरण गणेश को
परसों निकलने वाली पधरावरणी यात्रा के दौरान 100 से अधिक स्वागत मंच लगाए जाएंगे – शहर में भारी उत्साह
इंदौर से विनोद गोयल की रिपोर्ट:-
इंदौर,। छत्रीबाग रामद्वारा पर 25 जून से अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के जगदगुरू, आचार्य स्वामी रामदयाल महाराज के सानिध्य में प्रारंभ होने वाले चातुर्मास अनुष्ठान का पहला न्यौता आज चातुर्मास समिति के 50 सदस्यों ने शाहपुरा से पधारे संत नवनीतराम महाराज के साथ छत्रीबाग स्थित सवा सौ साल प्राचीन चिंताहरण गणेश, शिव परिवार एवं नरसिंह मंदिर तथा कालभैरव और दत्तात्रय भगवान को समर्पित किया। सभी सदस्यों ने मंदिर में विराजित देवी-देवताओं की शास्त्रोक्त विधि से पूजा-अर्चना कर चातुर्मासिक अनुष्ठानों में पधारने की प्रार्थना भी की।
समिति के आर.डी. फरक्या, कृष्णा पोरवाल एवं योगेश सोनी ने बताया कि शहर में लगभग 8 वर्षों बाद छत्रीबाग रामद्वारा पर जगदगुरू आचार्य स्वामी रामदयाल महाराज के सानिध्य में चातुर्मास का दिव्य आयोजन होने जा रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर शहर के सभी समाजों में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। 25 जून को निकलने वाली आचार्यश्री की भव्य पधरावणी यात्रा में अब तक सौ से अधिक स्वागत मंच यात्रा मार्ग पर लगाने के लिए संकल्प प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा भी विभिन्न संगठनों एवं समाजों की ओर से आचार्यश्री का गरिमापूर्ण स्वागत किया जाएगा।