धरमपुरी:- रामनवमी पर्व गुरुवार को नगर में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

रिपोर्टर शाहीद पठान
सुबह से ही मन्दिरों में पूजा-अर्चना के लिये भक्तों का तांता लगा रहा। पर्व पर श्रद्धालुओं ने मन्दिरों व घरों में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न किये। दोपहर के 12 बजे जैसे ही मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्म हुआ। मन्दिरों में भये प्रकट कृपाला दीन दयाला…. के साथ भगवान श्रीराम के जयकारे गूंजे व घंटी, घड़ियाल, झांझ, मंजीरे की लयबद्धता व सुमधुर स्वर लहरियों के बीच महाआरती कर भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। वही स्थानीय गायत्री मन्दिर में चैत्र नवरात्र निमित्त चल रहे नौ दिवसीय अनुष्ठान का यज्ञ पूर्णाहुति व कन्या भोज संपन्न होने साथ समापन हुआ। रामनवमी पर्व पर श्रद्धालुओं द्वारा नगर के राधा कृष्ण मंदिर, श्रीराम मंदिर, गणपति मंदिर व श्रीबंकट बिहारी मंदिर सहित सभी मन्दिरों में भगवान के विग्रहों की आकर्षक रूप सज्जा के साथ मंदिरों की विशेष साज-सज्जा की गई थी। जिसके चलते मन्दिरों का नजारा कुछ अलग ही दिखाई दिया।