शिक्षक दिवस पर डॉ. पंकज वाधवानी का सम्मान

शिक्षक दिवस पर डॉ. पंकज वाधवानी का सम्मान
150 से अधिक विद्यार्थियों को न्यायाधीश एवं 2000 से अधिक विद्यार्थियों को अधिवक्ता बनाने में योगदान के लिए मिला सम्मान
इंदौर। शिक्षक दिवस के अवसर पर इंदौर के प्रसिद्ध सुरभि गार्डन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हाई कोर्ट एडवोकेट एवं विधि शिक्षाविद् डॉ. पंकज वाधवानी का सम्मान प्रसिद्ध शिक्षाविद् अवध ओझा एवं मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट द्वारा किया गया।
डॉ. पंकज वाधवानी को यह सम्मान विधि शिक्षा एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। डॉ. वाधवानी द्वारा अब तक 150 से अधिक विद्यार्थियों को न्यायिक सेवा में चयनित होने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया है, जबकि 2000 से अधिक विधि विद्यार्थियों को अधिवक्ता के रूप में अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत करने के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया है।
डॉ. पंकज वाधवानी लंबे समय से विधि विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें कानून की व्यावहारिक जानकारी एवं कोर्ट प्रैक्टिस की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा विद्यार्थियों को न्यायालयीन प्रक्रिया, ड्राफ्टिंग, बहस, केस लॉ के व्यावहारिक उपयोग सहित अधिवक्ता के पेशे से जुड़े विभिन्न व्यवहारिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाता है।
इसके साथ ही डॉ. वाधवानी द्वारा संचालित YouTube चैनल “Law Easy” के माध्यम से देशभर के विधि विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों तक कानून से संबंधित उपयोगी जानकारी पहुंचाई जा रही है। Law Easy के माध्यम से जहां एक ओर विद्यार्थियों को कानून का प्रैक्टिकल एवं स्किल आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों के बीच कानूनी जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
सम्मान समारोह में डॉ. पंकज वाधवानी के विधि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि वर्तमान समय में विधि विद्यार्थियों को केवल कानून की धाराओं का ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें न्यायालयीन कार्यप्रणाली और अधिवक्ता के रूप में आवश्यक व्यावहारिक कौशल से भी परिचित कराना आवश्यक है।
डॉ. पंकज वाधवानी ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसे सक्षम विधि व्यवसायी तैयार करना है जो न्याय व्यवस्था में प्रभावी योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सही दिशा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और निरंतर मार्गदर्शन मिले तो वे न्यायपालिका एवं विधि व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान विधि शिक्षा, न्यायिक सेवा की तैयारी, अधिवक्ता प्रशिक्षण तथा देश में कानूनी जागरूकता के क्षेत्र में डॉ. पंकज वाधवानी द्वारा किए जा रहे कार्यों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।



