बड़वानीमुख्य खबरे

खेतिया के वार्ड 13 से जीतेगी तो दीपाली ही, देखिए खेतिया के 15 वार्डों के समीकरण बताती रिपोर्ट


खेतिया से राजेश नाहर की रिपोर्ट।

खेतिया नगर पंचायत निर्वाचन हेतु नाम वापसी के साथ राष्ट्रीय राजनीतिक दलों द्वारा अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा के साथ चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। कांग्रेस व भाजपा दोनों में ही कुछ जगह बागी प्रत्याशी भी मैदान में हैं। नगर पंचायत परिषद अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति वर्ग हेतु आरक्षित है। नगर पंचायत परिषद खेतिया विभिन्न 15 वार्ड में विभाजित हैं। जहां मतदाता अपने लिए नई परिषद के पार्षदों का निर्वाचन करेंगे। निर्वाचित पार्षद नगर पंचायत परिषद के अध्यक्ष का निर्वाचन करेंगे।
विभिन्न वार्डों में लगभग स्थिति स्पष्ट हो गई है। नगर परिषद खेतिया का वार्ड क्रमांक 13 एक ऐसा वार्ड है, जो अनारक्षित महिला हेतु है। जहां कांग्रेस, भाजपा व निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ रही तीनों ही महिलाओं के नाम दीपाली है। अतः जीतेगी तो सिर्फ दीपाली ही। कांग्रेस की ओर से दिपाली गोपाल बागुल, भाजपा की ओर से दिपाली कैलाश चौधरी तथा निर्दलीय दीपाली धनराज चौधरी यहां अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

वार्ड एक में संगीता और सुरेखा के बीच मुकाबला-
अनुसूचित जाति हेतु आरक्षित वार्ड 1 से पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष संजय निकुंम की पत्नी पूर्व पार्षद संगीता निकुम कांग्रेस की ओर से, वहीं सुरेखा बाई अशोक भाजपा की उम्मीदवार है। यहीं से पूर्व पार्षद श्रीमती वंदना सनेर कांग्रेस की बागी प्रत्याशी है। साथ ही रत्नाबाई हीरालाल भी भाजपा की ओर से बागी है।

वार्ड दो में अध्यक्ष के दावेदारों के बीच घमासान-
शहर के नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रमुख दावेदार माने जाने वाले कांग्रेस व भाजपा दोनों ही दल के प्रत्याशी वार्ड क्रमांक 2 से सीधे मुकाबले में है। जहां कांग्रेस की ओर से पूर्व नगर पंचायत व मंडी समिति अध्यक्ष रहे पीसीसी सदस्य अरविंद बागुल उम्मीदवार हैं। वहीं चार बार से भाजपा के पार्षद रहे परिवार से सूर्यकांत हीरालाल येसीकर मुकाबले में है। वार्ड 3 में भाजपा के देवा सोनिस व कांग्रेश के देवमन निकुम का अन्य तीन निर्दलीय राजू, युवराज व राकेश से मुकाबला है।

वार्ड 4 में हरसोला और पाटील के बीच सीधा मुकाबला-
वार्ड 4 में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम हरसोला से कांग्रेस के जितेंद्र पाटील सीधे मुकाबले में है। वार्ड क्रमांक 5 में कांग्रेस के अजय हरसोला व चेतन जैन भाजपा से आमने-सामने हैं। वहीं निर्दलीय मुकेश जैन भी यहां किस्मत आजमा रहे। वार्ड 6 में कांग्रेस के दिनेश खंडेराव सोनीस व भाजपा के हेमेंद्र सोनी मैदान में है, वहीं कांग्रेस के बागी रविंद्र सोनीस व गणपत सोलंकी के साथ-साथ निर्दलीय अतुल जैन भी बहुकोणीय चुनावी मैदान में है।

वार्ड 7 से भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश राजपूत की पत्नी ज्योति कमलेश भाजपा की उम्मीदवार हैं जिनका मुकाबला कांग्रेस की वंदना महेंद्र कुंवर व भाजपा से बागी ज्योति आनंद चौधरी से है।
वार्ड 8 में कांग्रेस की किरण मनीष सिरसाट , भाजपा से किरण प्रशांत बोरसे के साथ-साथ निर्दलीय हीरा भगवान भी चुनावी मैदान में हैं।
वार्ड 9 से पूर्व कांग्रेस के पूर्व पार्षद बाबूलाल बारकु का मुकाबला भाजपा के अंकलेश चीमा व निर्दलीय जयदास, झामरिया और राजू से है।
वार्ड 10 अन्य पिछड़ा वर्ग हेतु आरक्षित है जहां से युवा सचिन मोहन पटेल भाजपा से व कांग्रेस से युवा अभिमन्यु भगवान के बीच सीधा मुकाबला है।

वार्ड 11 में पूजा नवीन मोरे और रूबीना बी में है मुकाबला-
खेतिया शहर में वार्ड 11 मतदाताओं के आपसी समन्वय के चलते पिछले तीन चुनावों से भाजपा की विजय का रास्ता आसान किए है। यहां से प्रत्येक चुनाव में क्रमानुसार भाजपा की ओर से मुस्लिम समुदाय एव भोई समाज की ओर से उम्मीदवार आते रहे। अबकी बार भाजपा की ओर से भोई समाज से आने वाली पूजा नवीन मोरे उम्मीदवार है। जिनका मुकाबला विधायक के निकट सहयोगी इमरान कुरेशी की पत्नी रूबीना बी से है।

शुरू से वार्ड 12 चर्चाओं में है-
आरंभ से ही चर्चाओं में बने वार्ड 12 में अंतिम समय में पार्षद राकेश चौधरी की पत्नी का टिकट कांग्रेस ने काटा जो अब बागी होकर चुनाव लड़ रही है। वहीं कांग्रेस की श्रीमती अश्विनी मुकेश चौधरी, भाजपा की मुमताज बी गनी मैदान में है। वार्ड 13 से तीनों ही दीपाली मैदान में है
वार्ड 14 से भाजपा के वरिष्ठ नेता अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार दशरथ आनंदा निकुम का सीधा मुकाबला कांग्रेस के योगेश चौधरी से है।
वार्ड 15 में कांग्रेस की शीतल चौहान का मुकाबला भाजपा की योगेश्वरी चौहान से हैं। चुनाव चिन्ह आवंटन के साथ प्रत्याशियों ने अब ताल ठोक दी है।

आयोग के निर्देशों के पालन की जानकारी दी –
निर्वाचन अधिकारी अतिरिक्त तहसीलदार हुकुम सिंह निगवाल ने आज समस्त प्रत्याशियों की नगर पंचायत में एक बैठक आयोजित की। जिसमें उन्हें चुनाव निर्वाचन आयोग से मिले निर्देशों का पालन करने आयोग के निर्देशों की जानकारी देने आचार संहिता का पालन करने, व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत करने संबंधी जानकारी के साथ-साथ सभी से शांतिपूर्ण चुनाव अभियान करने तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान कराने की अपील भी की। जैसे-जैसे चुनाव अभियान चलेगा कई नए समीकरण सामने आ सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!