इंदौर~ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री विनय बाकलीवाल ने बताया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सम्मानित अध्यक्ष श्री कमलनाथ जी के निर्देश पर 1 जनवरी को नए साल पर “नया साल नई सरकार” एवं “नया साल बदलो सरकार” के नारे के साथ शहर कांग्रेस द्वारा दोपहर 3:00 बजे शहर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन से देवी अहिल्यामाता प्रतिमा राजवाड़ा तक संकल्प पदयात्रा निकाली जाएगी।
श्री बाकलीवाल ने कहा कि 2023 का साल मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बदलने का साल है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के सरकार बनाने के लिए संकल्पित है। वर्ष 2023 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनेगी एवं श्री कमलनाथ जी मुख्यमंत्री बनेंगे। इस संकल्प के साथ 1 जनवरी 2023 को दोपहर 3:00 तिरंगे झंडे के साथ कांग्रेस कार्यालय से अहिल्या प्रतिमा तक संकल्प पैदल मार्च निकाला जाएगा।
सभा की समाप्ति के पश्चात भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का उल्लेख किया जाएगा।
श्री बाकलीवाल ने कहा कि आज हर वर्ग का व्यक्ति परेशान है। महंगाई ने हर परिवार को मुश्किल में डाल रखा है। पेट्रोल डीजल के दाम प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं । महिलाओं एवं आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में बढ़ोतरी हुई है। नई नौकरियां मिलना तो दूर उल्टे बेरोजगारी बढ़ रही है। छोटे व्यापारी छोटे उद्योग धंधे करने वाले सरकार की नीतियों से परेशान है। लघु उद्योग बंद हो रहे है। किसानों को अपने उत्पादन का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। खाद उर्वरक महंगे हो रहे हैं। कृषक वर्ग परेशान है। भाजपा सरकार में हर स्तर पर भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश सरकार के घोषणावीर मुख्यमंत्री ने हजारों घोषणा की जिसका आज तक क्रियान्वयन नहीं हुआ है।
एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश आदिवासी अत्याचार में पूरे देश में नंबर वन पर है। प्रदेश बच्चों के लिए सबसे असुरक्षित प्रदेश है। बलात्कार और यौन शोषण के मामले में लगातार 4 वर्षों तक पूरे देश में नंबर वन पर रहा है। गरीबी सूचकांक में मध्यप्रदेश देश में सबसे अधिक गरीब राज्य में शामिल है। स्वास्थ सूचकांक की बात करें तो यहां भी 19 बड़े राज्यों की सूची में मध्य प्रदेश सबसे नीचे गिरकर 17वें नंबर पर है। शिक्षा सूचकांक की बात करें तो 29 राज्यों की सूची में मध्यप्रदेश 23 नंबर पर है। मध्य प्रदेश में वर्तमान में 3,32000 करोड का कर्ज है। मध्य प्रदेश के हर व्यक्ति पर 40000 से अधिक का कर्ज है मध्यप्रदेश में व्यापमं और ई टेंडर जैसे हजारों करोड़ के घोटाले हुए हैं। आत्महत्या के मामले में मध्यप्रदेश नंबर वन पर है।
सबसे महंगा पेट्रोल, डीजल, वाहन पंजीयन, स्कूल शिक्षा, खाद्य सामग्री, स्वास्थ्य सुविधा जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदेश में सबसे अधिक महंगी है।
इन सब जन विरोधी नीतियों को लेकर नए साल में बदलो सरकार के लिए संकल्प पदयात्रा निकाली जाएगी। जिसमें सभी जनप्रतिनिधि,वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कांग्रेस परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे।