धर्म-ज्योतिष

हंसदास मठ पर आज से हनुमान कथा एवं लक्ष्मीनारायण महायज्ञ 

आज 51 बटुकों का निशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार भी होगा- राम जन्मोत्सव की महाआरती में उमड़ा भक्तों का सैलाब

हंसदास मठ पर आज से हनुमान कथा एवं लक्ष्मीनारायण महायज्ञ

आज 51 बटुकों का निशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार भी होगा- राम जन्मोत्सव की महाआरती में उमड़ा भक्तों का सैलाब

इंदौर। एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर रविवार को दोपहर हंस पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज के सान्निध्य में राम जन्मोत्सव की महाआरती में सैंकड़ों भक्तों ने भाग लिया। मठ पर सोमवार 7 अप्रैल से 11 अप्रैल तक हनुमान कथा और लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के दिव्य आयोजन भी होंगे। सोमवार, 7 अप्रैल को 51 ब्राह्मण बटुकों के यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन भी सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। यज्ञोपवीत में लगने वाली सभी सामग्री भी मठ की ओर उपलब्ध कराई जाएगी।

मठ के युवराज महामंडलेश्वर पवनदास महाराज ने बताया कि रविवार को राम नवमीं के उपलक्ष्य में मठ स्थित राम दरबार मंदिर को पुष्पों एवं विद्युत सज्जा से श्रृंगारित किया गया था। सुबह से शाम तक मठ पर भक्तों का मेला जुटा रहा। सुबह 9 बजे भगवान का अभिषेक किया गया। मठ पर चल रहे दुर्गा सप्तशती पाठ की पूर्णाहुति संध्या को संपन्न हुई। मठ पर प्रभु राम की 6 फुट ऊंची दिव्य प्रतिमा है। इतनी ऊंची प्रतिमा शहर के किसी अन्य राम मंदिर में नहीं है। मठ स्थित राम दरबार की दिव्य और मनोहारी प्रतिमाओं का श्रृंगार नवरात्रि में यहां पहले दिन से ही किया जा रहा था। राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मठ के सभी देवालयों में भी आज मनोहारी श्रृंगार किया गया था, जिनके दर्शनार्थ दिनभर भक्तों का मेला जुटा रहा।

अब सोमवार, 7 अप्रैल से 11 अप्रैल तक यहां हनुमान कथा और लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के दिव्य आयोजन होंगे। हनुमान कथा प्रतिदिन सांय 4 से 7 बजे तक होगी। इसके यजमान अनंत योगेन्द्र महंत मनोनीत किए गए हैं। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन भी प्रतिदिन सुबह साढ़े 8 से दोपहर 1 बजे तक यज्ञाचार्य पं.विवेक कृष्ण शास्त्री के निर्देशन में चलेगा। पूर्णाहुति 11 अप्रैल को होगी।

हनुमान प्राकट्य महोत्सव मनेगा – पं. पवनदास महाराज के अनुसार 12 अप्रैल को हनुमानजी का प्राकट्य महोत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा। शुक्रवार, 11 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे से अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ होगा। शनिवार, 12 अप्रैल को सुबह 6.30 बजे जन्मोत्सव की महाआरती होगी। पूर्णाहुति हवन दोपहर 12 बजे होगा। मठ स्थित पंचमुखी चिंताहरण हनुमान महाराज का आकर्षक श्रृंगार एवं पूजन महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरण दास महाराज के सानिध्य में होगा तथा सायं 7 बजे श्रृंगार, महाआरती के पूर्व 56 भोग समर्पित किए जाएंगे। सांय 7 बजे से आम भक्तों के लिए भंडारा भी होगा। महाआरती के पश्चात भक्तों को अभिमंत्रित रक्षा कवच का वितरण भी किया जाएगा।

 

 

Show More

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!