संस्कार की पहली पाठशाला परिवार – माया त्रिवेदी लड़कियों को डिसीजन मेकर बनाइए – तृप्ति व्यास स्टेटस पर कोई भी पोस्ट सोच-समझकर शेयर करें – अंजू पटेल
श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महिला नगर सभा

संस्कार की पहली पाठशाला परिवार – माया त्रिवेदी
लड़कियों को डिसीजन मेकर बनाइए – तृप्ति व्यास
स्टेटस पर कोई भी पोस्ट सोच-समझकर शेयर करें – अंजू पटेल
इंदौर। संस्कार की पहली पाठशाला परिवार है। सामाजिक संस्कारों की शुरुआत घर से ही होती है। हम अपने बच्चों को लेकर सचेत रहें पर उन पर विश्वास करना भी जरूरी है। बच्चों को अपना दोस्त बनाकर आगे बढ़ाएं और उन्हें संस्कारों के साथ ही रीति-रिवाजों की भी जानकारी दें। बच्चों को किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा के साथ संस्कार भी देना चाहिए। यह बात अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महिला नगर सभा द्वारा आयोजित महिला सम्मेलन में समाज की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष माया राजेश त्रिवेदी ने कही।
उन्होंने कहा किसी भी परिवार की बुनियाद महिला ही होती है और परिवार की सफलता में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। एक अच्छे और संस्कारित परिवार के लिए हमें अपने बेटे-बेटियों को भी अच्छे संस्कार देना होंगे। अलग-अलग क्षेत्रों में जो महिलाएं सक्रिय रही हैं, हमें सामाजिक स्तर पर उनके कामों की जानकारी देना चाहिए और उनका अनुशरण करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए। देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान रहा।
ख्यात मोटिवेशनल स्पीकर तृप्ति व्यास ने कहा कि लड़कियों दो घरों को साधती है। उन्हें डिसिजन मेकर बनाइए। कुछ करने का मौका दीजिए। उनके काम में यदि कोई गलती भी हो तो उसे सकारात्मक रूप में लें और सुधारने का मौका दें। गिरने के बाद ही इंसान संभलता है। उन्होंने छोटी-छोटी बातों पर हो रहे विवादों पर चिंता जताते हुए कहा कि इसी के चलते शादी के 4-6 महीने बाद ही विवाह विच्छेद की स्थिति बन रही है, यह हम सब लोगों के लिए बहुत चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए सामाजिक स्तर पर प्रयास बहुत जरूरी है।
स्टेट साइबर सेल इंदौर जोन की इंस्पेक्टर अंजु पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हमें बहुत ज्यादा सावधानी रखने की जरूरत है। अपने स्टेटस पर कोई भी बात बहुत सावधानी से पोस्ट करें। अपना आईडी, बैंक डिटेल्स और पासवर्ड सोच-समझकर शेयर करें। जिनके बच्चे विदेश में पढ़ रहे हैं, उन्हें विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। यदि आपका बच्चा मोबाइल पर बहुत ज्यादा समय दे रहा है तो उस पर भी नजर रखें। पुलिस, सीबीआई या ईडी के नाम से कोई भी कॉल आए तो बिचलित न हों। इसी तरह यदि पुलिस के नाम से कोई नोटिस आपको प्राप्त हो तो सबसे पहले पास के थाने पर जाकर उसकी पुष्टि करें। अपना बैंक अकाउंट खुद ओपन करें, यह काम किसी दूसरे को न सौंपे। अज्ञात व्यक्ति को अपने डाक्युमेंट, आधार कार्ड और पेनकार्ड कभी न दें।
इस मौके पर अतिथियों के साथ ही महिला सभा की नगर अध्यक्ष करुणा शर्मा, प्रधानमंत्री मिली चाष्टा, संयोजिका मेघा व्यास व अन्य पदाधिकारियों ने समाज की प्रतिभा अंतर्राष्ट्रीय गोताखोर सुश्री पलक पंकज शर्मा और शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली सुश्री सीमा पुखराज जोशी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर सभा के अध्यक्ष वीरेन्द्र व्यास ने अपने स्वागत उद्बोधन में मातृशक्ति के समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी परिवार को आकार देने में महिला की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने नारी शक्ति के सम्मान में स्वरचित कविता का पाठ किया। अतिथियों का स्वागत रंगिमा जोशी, माया शर्मा, मंजूला शर्मा, कांता शर्मा, इंदिरा जोशी, रूही शर्मा, माया चाष्टा, मंजू गौतम, रचना शर्मा, किरण व्यास, पूर्णिमा जोशी, मंजू शर्मा, रमा शर्मा, ज्योत्सना शर्मा, चेतना शास्त्री, प्रेरणा व्यास, मनोरमा शर्मा, मीना पंचोली, रेखा शर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन नगर सभा की प्रधानमंत्री मिली चाष्टा ने किया। आभार अध्यक्ष करुणा शर्मा ने माना। कार्यक्रम की शुरुआत में महिलाओं के लिए क्विज काम्पटीशन आयोजित किया गया। इसके विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार अतिथियों द्वारा दिए गए।
इस मौके पर समाज की वरिष्ठ डॉ. निधि व्यास, डॉ. भारती द्विवेदी, किरण अमरनाथ शर्मा, सुनीता व्यास, शोभा शर्मा, मनोरमा पंचोली, शीला शर्मा, अनिता जोशी, दीपिका शर्मा, बबीता उपाध्याय, शीतल शर्मा, मनोरमा शर्मा, नीना तिवारी विशेष रूप से मौजूद थी।