इंदौरधर्म-ज्योतिष

प्रख्यात उद्योगपति रतन टाटा को उनके निवासपर जाकर सौंपा प्रतिष्ठित अणुव्रत पुरस्कार

अणुव्रत विश्व भारती ने वर्ष 2023 में मानवीय सेवाओं के लिए दिया सम्मान-आचार्य महाश्रमण ने भी दी मंगलकामनाएं

इंदौर, । अणुव्रत विश्व भारती द्वारा दिया जाने वाला प्रतिष्ठित अणुव्रत पुरस्कार वर्ष 2023 के लिए देश के प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी रतन टाटा को उनके मुंबई स्थित निवास पर भेंट किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं 1.51 लाख रु. की राशि भी भेंट की गई।
अणुव्रत समिति इंदौर के अध्यक्ष मनीष कठोतिया एवं कमलेश सामोता ने बताया कि सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश नाहर, महामंत्री भीखम सुरणा, मुंबई के कस्टम कमिश्नर अशोक कुमार कोठारी, अणुव्रत विश्व भारती की उपाध्यक्ष विनोद कुमारी एवं सहमंत्री मनोज सिंघवी भी उपस्थित थे। उद्योगपति टाटा को इस अवसर पर मानव जाति के लिए उनके द्वारा किए गए सकारात्मक योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्हें दुनिया में मानवीयता का श्रेष्ठ उदाहरण बताया। उन्हें अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण की ओर से भी मंगल कामनाएं व्यक्त करने के साथ उनके श्रेष्ठ स्वास्थ्य की कामना भी व्यक्त की गई। उद्योगपति टाटा ने अणुव्रत अनुशास्ता के प्रति अपना हार्दिक आदर एवं सम्मान व्यक्त किया। अणुव्रत समिति इंदौर सहित देश के सभी जिलों की समितियों की ओर से टाटा को यह सम्मान प्रदान किया गया है।
उल्लेखनीय है कि गत 75 वर्षों से गतिमान अणुव्रत आंदोलन सदभावना के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां चला रहा है। आचार्य तुलसी द्वारा प्रणीत यह आंदोलन संयुक्त राष्ट्र संघ तक अपनी पहचान बना चुका है। अब तक इस पुरस्कार से देश के अनेक गणमान्य व्यक्ति सम्मानित हो चुके हैं, जिनमें आत्माराम, जैनेन्द्र कुमार, शिवाजी भावे, शिवराज पाटिल, नीतिश कुमार, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, डॉ. मनमोहनसिंह, टी.एन. शेषन एवं प्रकाश आमटे भी शामिल हैं। अब रतन टाटा का नाम भी इसमें शामिल हो गया है। इस मौके पर अणुविभा की ओर से टाटा को अणुव्रत साहित्य, विभिन्न पत्रिकाओं के विशेषांक भेंटकर अणुव्रत द्वारा चुनाव शुद्धि अभियान, अणुव्रत डिजीटल डिटाक्स, एलिवेट, पर्यावरण जागरुकता, नशामुक्ति, जीवन विज्ञान आदि विषयों पर आधारित पुस्तकें भी भेंट की गई। अत्यंत उदारता और विनम्रता के साथ टाटा ने मानव समाज की भलाई के लिए अणुव्रत आंदोलन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Show More

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!