गीता भवन में आज से 66वां अ.भा. गीता जयंती महोत्सव, अनेक प्रमुख संतों की हुई अगवानी

जगदगुरू स्वामी रामदयाल महाराज सहित हरिद्वार, वृंदावन, गोधरा, अजमेर के संत-विद्वान पहुंचे गीता भवन
इंदौर, । मनोरमागंज स्थित गीता भवन पर 66वें अ.भा. गीता जयंती महोत्सव में भाग लेने के लिए देश के प्रमुख संत-विद्वानों के आगमन का सिलसिला शुरू हो गया है। अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के आचार्य जगदगुरू स्वामी रामदयाल महाराज इस महोत्सव की अध्यक्षता करेंगे। वे भी आज छावनी रामद्वारा इंदौर पधार गए हैं। महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार 21 दिसम्बर को दोपहर ठीक 1 बजे वैदिक मंगलाचरण एवं शंख ध्वनि के बीच होगा। दोपहर 1 से सायं 5.30 बजे तक प्रमुख संत-विद्वानों के प्रवचन होंगे। महोत्सव का समापन बुधवार 27 दिसम्बर को होगा। गीता जयंती का मुख्य महापर्व मोक्षदा एकादशी पर 23 दिसम्बर को होगा। इस दिन सुबह 8 बजे से गीता के सभी अध्यायों का सामूहिक पाठ होगा।
गीता भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष राम ऐरान, मंत्री रामविलास राठी एवं कोषाध्यक्ष मनोहर बाहेती ने बताया कि 66वें गीता जयंती महोत्सव के लिए आज रामशंकर आश्रम हरिद्वार से महंत स्वामी प्रकाश मुनि, स्वामी गोपाल मुनि, स्वामी श्रवण मुनि, वृंदावन के महामंडलेश्वर स्वामी प्रणवानंद सरस्वती, नरहरि सेवा आश्रम डाकोर के वेदांताचार्य स्वामी देवकीनंदन दास, उदयपुर से युवा वैष्णवाचार्य द्वितीय पीठ युवराज गोस्वामी वागधीश बाबाश्री, रामकृष्ण मिशन इंदौर के सचिव स्वामी निर्विकारानंद, अजमेर से साध्वी अनादि सरस्वती, गोधरा (गुजरात) से साध्वी परमानंदा सरस्वती सहित अनेक प्रमुख संत-विद्वान इंदौर पधार चुके हैं, जिनके प्रवचन गुरुवार को दोपहर 1 से 5 बजे के बीच होंगे। सायं 5.30 बजे अध्यक्षीय आशीर्वचन जगदगुरू स्वामी रामदयाल महाराज देंगे। गीता भवन के न्यासी मंडल की ओर से आज इंदौर पहुंचने वाले सभी संतों की अगवानी दिनेश मित्तल, टीकमचंद गर्ग, पवन सिंघानिया, राजेश गर्ग केटी, हरीश माहेश्वरी, महेशचंद्र शास्त्री, प्रेमचंद गोयल, सोमनाथ कोहली आदि ने की। महोत्सव के लिए गीता भवन परिसर में भक्तों के लिए सभी समुचित सुविधाएं मुहैया कराई गई है। बाहर से आने वाले संतों और भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था शनि उपासक मंडल के प्रदीप अग्रवाल के सहयोग से की जा रही है। महोत्सव में प्रतिदिन दोपहर 1 से 5.30 बजे तक देश के जाने-माने प्रमुख संत-विद्वानों के प्रवचनों की अमृत वर्षा होगी।