सातवां अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन 3 मार्च से, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी करेंगी शिरकत

सत्याग्रह लाइव डेस्क।
मप्र की राजधानी भोपाल में 3 मार्च से अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन की शुरूआत होगी। सम्मेलन में 16 देशों के प्रतिनिधि और 6 देशों के संस्कृति मंत्री शामिल होंगे। तीन दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ महामहीम राष्ट्रपति द्रौपदी करेंगी। सीएम शिवराज खुद तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। बीते दिनों हुई बैठक में जानकारी दी गई थी कि सातवां अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन 3 से 5 मार्च 2023 तक कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। शुभारंभ सत्र में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सम्मिलित होंगे। शुभारंभ सत्र में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के स्वामी गोविंददेवगिरि महाराज का उद्बोधन भी होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामय उपस्थिति में 3 मार्च को दोपहर 12.15 बजे इसका शुभारंभ किया जाएगा। सम्मेलन के पहले दिन के दूसरे-सत्र में इंडिया फाउंडेशन की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य राम माधव की अध्यक्षता में मिनिस्टर-सत्र होगा. जिसमें भूटान, श्रीलंका, नेपाल और इंडोनेशिया के संस्कृति मंत्री अपने विचार रखेंगे। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों, विश्वविद्यालय के साथ ही अमेरिका, साउथ कोरिया, थाईलेंड, स्पेन, वियतनाम, मॉरीशस, रशिया, भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल, मंगोलिया, फ्रांस आदि देशों से आए विद्वान तथा शोधार्थी भाग लेंगे।