सेंधवा। काकड़ ओटले के निर्माण के लिए अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

सेंधवा। पुराने एबी रोड पर आंबेडकर कॉलोनी से निर्माण शुरू किया गया है। जिसके चलते अंतिम यात्रा के विश्राम व काकड़ का स्थान बदलने हेतु गुरूवार को नपा अध्यक्ष ने जगह का निरीक्षण किया। रोड निर्माण तक नगर की काकड़ बड़ा कर अस्थाई रूप से पुराने एबी रोड पर स्थापित किया जाएगा।
नपा से प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ आंबेडकर कालोनी से ग्रामीण थाने तक रोड निर्माण के तहत खुदाई कार्य शुरू हो गया है। जिसकी वजह से नगर से निकलने वाली अंतिम यात्रा के दौरान नगर की काकड़ पर अंतिम विश्राम होकर पिंड दान व कंधा बदलने की क्रिया करने के लिए आंबेडकर कालोनी के आगे काकड़ ओटला वर्षों से बना हुआ है। अब जबकि डिवाइडर युक्त सीमेंट कंक्रीट रोड बनने व रोड की चौड़ाई बढ़ने से उक्त स्थान से काकड़ को आगे ले जाना पड़ रहा है। वर्तमान में रोड खुदाई के चलते यातायात में आवागमन में रुकावट आने से इसे उस स्थान से हटाना पड़ रहा है, जिसके लिए इसके स्थान चयन हेतु नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव के साथ नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी, पूर्व नपा अध्यक्ष अरुण चौधरी, प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, छोटू चौधरी, सीएमओ मधु चौधरी, उपयंत्री सचिन अलुने, विशाल जोशी ने मौके का मुआयना किया। इस दौरान इस संबंध में रोड निर्माण के बाद निर्णय लेने का तय कर वर्तमान में जहां ओटला निर्मित है उसे वहां से हटा कर आगे ले जाकर अस्थाई रूप से मप्र विद्युत ग्रिट के पास अस्थाई रूप से रखा जाने का निर्णय लिया गया है। रोड निर्माण होने के बाद स्थाई रूप से काकड़ का ओटले का स्थान चयन कर निर्माण किया जाएगा।