बड़वानी में आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक का हुआ आयोजन

सत्याग्रह लाइव, बड़वानी। कलेक्टर डाॅ. राहुल फटिंग की अध्यक्षता में शुक्रवार को कृषि विज्ञान केन्द्र बड़वानी में आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान कलेक्टर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान जैविक खेती को अधिक से अधिक अपनाये क्योकि आज के समय में जैविक खेती ही मृदा सहित मनुष्य की भी आवश्यकता बन गई है। जैविक फसलों का जहां मूल्य अधिक मिलता है, वही इससे मृदा की उर्वरक क्षमता भी बढ़ती है। और मनुष्य को स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त होता है।
इस दौरान बैठक में उपस्थित ग्राम मण्डवाड़ा के वरिष्ठ किसानों ने कलेक्टर को बताया कि वे पूर्ण रूप से गन्ना, कपास एवं केला की जैविक खेती ताराचंद बेलजी तकनीक के माध्यम से कर रहे है। इस तकनीक के माध्यम से खेती करके वे अपनी मृदा की शक्ति को सकारात्मक रूप से बढ़ा रहे है। साथ ही कृषि की लागत भी कम बैठती है, और मुनाफा अधिक होता है। जब वे रासायनिक खेती करते थे, तो अधिक मुनाफा नही मिलता था, जब से वे जैविक ताराचंद बेलजी तकनीक से जैविक खेती कर रहे है उन्हे लगभग दुगुना मुनाफा होने लगा है।
कृषि विज्ञान केन्द्र का किया भ्रमण
बैठक के पश्चात् कलेक्टर डाॅ. राहुल फटिंग ने कृषि विज्ञान केन्द्र का भी भ्रमण किया। इस दौरान केन्द्र के वैज्ञानिक डाॅ. बड़ोदिया ने उन्हे केन्द्र में संचालित विभिन्न इकाईयों सहित बकरीपालन, गौ पालन, मुर्गी पालन, जैविक खाद, केचुआ खाद सहित केन्द्र में लगे हुए गेहूं एवं चने की फसल की विभिन्न प्रजातियों के बारे में भी जानकारी दी।