
रिपोर्टर शाहीद पठान
धरमपुरी:- भाजपा सरकार में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार व अत्याचार की विभिन्न घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश में जन जाग्रति हेतु आदिवासी स्वाभिमान यात्रा निकाली है। यात्रा ने शनिवार दोपहर में धरमपुरी विधानसभा में प्रवेश किया। यात्रा आगमन पर कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आदिवासी नृत्य दल के साथ स्वागत किया। यात्रा का नगर में पूर्व नप अध्यक्ष शब्बीर पहलवान के निवास, कांग्रेस नगर अध्यक्ष बाबू खान ने कांग्रेस कार्यालय व नप अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ जियाउल हक ने बस स्टेंड पर स्वागत किया। स्थानीय बस स्टेंड पर सभा में मप्र युवक कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा प्रदेश में आदिवासियों पर बढ़ रही अत्याचार की घटनाओं को लेकर निकाली जा रही यात्रा का उद्देश्य भाजपा सरकार की आदिवासी विरोधी नीतियों को उजागर करना है। प्रदेश का आदिवासी वर्ग परेशान हो चुका है। सरकार का ध्यान इस ओर नही है। प्रदेश में सभी ओर से सरकार विफल साबित हो रही है। आपने आगे कहा कि सीधी में आदिवासी पर पेशाब करने की शर्मनाक हरकत की गई। सिंगरौली में भाजपा विधायक के बेटे ने आदिवासी पर गोली चलाई और नेमावर, नीमच, गुना, सिवनी की घटनाएं आप सबके सामने हैं। आदिवासियों को सम्मान दिलाने व उनके साथ हो रहे दुर्व्यवहार प्रति जागरूक करने के लिए ही कांग्रेस ने 2300 किमी की यह यात्रा निकाली है। यात्रा 19 जुलाई से सीधी जिले से प्रारंभ की गई है जो 7 अगस्त तक चलेगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक पांचीलाल मेड़ा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार व रेवती रमण राजुखेड़ी आदि ने भी सभा को संबोधित किया। यात्रा में युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम और आदिवासी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रा सरवटे, शामिल हैं। यात्रा में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पाटीदार, पवन जयसवाल धामनोद, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष करीम कुरेशी, डॉ जियाउल हक, राजू बेन चौहान, सुखराम मकवाना, मलखान सिंह, सुदामा सेन, जय सिंह पटेल, योगेंद्र मुकाती, अजहर खान, विक्रम वर्मा, अकबर खान, सुनील भाऊ, गोकुल महाजन, इरफान मालिक, मोहसिन खेराती आदि शामिल थे। सभा का संचालन कांग्रेस जिला महासचिव कैलाश दवाने ने किया व आभार डॉ अजहर खान ने माना। यात्रा में सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।