कुक्षी में सडक किनारे मिला गर्भवती महिला का शव, खेत में बेहोश मिला पति
कुक्षी से सत्येंद्र मिश्रा की रिपोर्ट।
कुक्षी-बड़वानी मार्ग पर ग्राम लिंगवा में मंगलवार सुबह एक गर्भवती महिला का शव सड़क किनारे देखा गया, इससे कुछ दूरी पर ही महिला का पति गंभीर अवस्था में खेत में पड़ा था। घायल सहित शव को एंबुलेंस की मदद से समीप के अस्पताल भेजा गया। जहां पर घायल को प्राथमिक उपचार देकर बड़वानी रेफर किया गया है। इधर महिला का शव पति घायल होने की सूचना मिलने के बाद कुक्षी पुलिस टीम मौके पर पहुंची व क्षेत्र के लोगों से चर्चा करने के साथ ही मामले में पंचनामा बनाकर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। जल्द ही पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस अब घायल के होश में आने का इंतजार कर रही हैं, ताकि दंपत्ति के साथ हुई घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ पाए। संभवत दंपत्ति को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी, जिसमें पति खेत में जाकर गिरा व महिला गर्भवती होने के चलते समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण मौत हुई है। हालांकि पुलिस अब पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं, ताकि महिला की गर्भावस्था की सही जानकारी व मौत के कारणों के बारे में पता चल सके।
जानकारी के अनुसार, निसरपुर चौकी अंतर्गत लिंगवा में सड़क मार्ग पर महिला का शव देखा गया था। ग्रामीणों ने तुरंत सूचना पुलिस चौकी सहित 108 एंबुलेंस को दी। महिला के शव से कुछ दूरी पर ही पति बेहोशी की अवस्था में मिला। जिसके सिर पर चोट के निशान है। अचानक महिला के शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। महिला व पति की पहचान ग्राम लिंगवा निवासी मजदूर दंपती के रुप में हुई है। दरअसल, शांतिलाल सोलंकी व महिला रोहलिया (20) 5 दिन पहले ही मजदूरी के लिए ग्राम लिंगवा आए थे, सोमवार शाम को मजदूर अपने परिजनों से मिलने के लिए ग्राम दाहोद गए थे। जहां से रात के समय ही पैदल दंपत्ति वर्तमान ग्राम लिंगवा आ रहे थे। तभी रास्ते में हादसा हुआ है।
सूचना के आधार पर एसडीओपी दिलीपसिंह बिलवाल सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे, पुलिस ने पूरे क्षेञ का निरीक्षण करने के साथ ही गांव के लोगों से चर्चा की। इसी आधार पर प्रथम दृष्टया रात के अंधेरे में दंपत्ति को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारी होगी, इसके बाद दोनों रात भर मौके पर ही पड़े रहे। सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार मालवीय के अनुसार ग्राम लिंगवा में मजदूर दंपत्ति पांच दिनों से निवास कर रहे थे, रात में परिजनों से मिलने के बाद पुन घर की और आ रहे थे। महिला गर्भवती थी, जिसकी मौत हो गई हैं। वहीं पति को गंभीर अवस्था में बड़वानी भेजा गया हैं, जिसके होश में आने के बाद हादसे को लेकर जानकारी स्पष्ट हो पाएगी। प्रथम दृष्टया संभवत किसी अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मारी है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।